News Room Post

Cold Weather: पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी इलाकों में ठंड और बढ़ने के आसार, मौसम विभाग ने इन जगहों पर घने कोहरे का भी जारी किया अलर्ट

Cold Weather: मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी चलती रहेगी। इसका असर भी उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में पड़ेगा। वहीं, कई राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट भी मौसम विभाग ने जारी किया है। कोहरे के कारण लोगों को और दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

नई दिल्ली। एक तरफ दक्षिण में बंगाल की खाड़ी में चक्रवात बनने के कारण तमिलनाडु और आसपास काफी बारिश हो रही है। वहीं, उत्तर भारत में अब ठंड लगातार बढ़ने की तरफ है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, पंजाब, राजस्थान और यूपी में कोहरा छाएगा। मौसम विभाग के अनुसार कोहरा छाने के साथ ही ठंड और तेज होगी। मौसम विभाग ने शुक्रवार को दिल्ली और आसपास घना कोहरा होने की बात कही है और इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी चलती रहेगी। इसका असर भी उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में पड़ेगा। पिछले एक हफ्ते में पहाड़ी राज्यों में बर्फ गिरने के कारण मैदानी इलाकों में ठंड काफी बढ़ी है। हालांकि, अभी कंपाने लायक ठंड नहीं है।

सुबह और रात न्यूनतम तापमान कम हो रहा है, लेकिन दिन में सूरज निकलने के कारण तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। फिर भी आने वाले दिनों में पहाड़ों में बर्फ गिरने और मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाने के कारण अधिकतम तापमान में भी गिरावट आने के आसार हैं। माना जा रहा है कि दिसंबर के पहले हफ्ते में ही ठंड बढ़नी शुरू होगी। मौसम विभाग पहले ही कह चुका है कि इस साल ला नीना के प्रभाव के कारण पिछले कुछ साल से ज्यादा ठंड पड़ेगी। ला नीना के प्रभाव के कारण प्रशांत महासागर का पानी ठंडा होता है। जिसके कारण भारत और आसपास के देशों में ठंड ज्यादा होती है। ला नीना के प्रभाव के कारण ही इस बार मानसून के सीजन में औसत से ज्यादा बारिश भी हुई है।

मौसम विभाग आधिकारिक तौर पर दिसंबर और जनवरी को ही ठंड का मौसम मानता है। जबकि, लोगों को फरवरी के अंत या उससे ज्यादा समय तक ठंड का सामना करना पड़ता है। 2024 की शुरुआत में भी ठंड लंबे समय तक रही थी। अप्रैल के दूसरे हफ्ते तक उत्तर भारत में लोगों को काफी ठंड का सामना करना पड़ा था। जिस तरह इस बार मौसम विभाग ने कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान लगाया है, उससे लगता है कि 2025 में भी काफी लंबे समय तक ठंड बनी रह सकती है।

Exit mobile version