नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी ने केंद्र की सत्ता संभालने के बाद तमाम फैसले किए और उनके फैसले दूरगामी असर वाले रहे हैं। पीएम मोदी ने अपने इन फैसलों में मोटे अनाज यानी मिलेट्स को भी बढ़ावा देना शामिल किया था। इसकी दुनियाभर में चर्चा है। बीते दिनों जब दिल्ली में जी-20 देशों का शिखर सम्मेलन हुआ था, तो उसमें भी मिलेट्स का मोदी सरकार ने जमकर प्रचार किया था। जी-20 में आए हुए दुनियाभर के तमाम बड़े नेताओं को भोज में मिलेट्स से बने व्यंजन भी परोसे गए थे। दुनिया के अन्य देश भी अब चावल और गेहूं के बदले ज्यादा से ज्यादा मिलेट्स का इस्तेमाल करने लगे हैं और उनका प्रचार भी कर रहे हैं। खुद पीएम मोदी और बीजेपी की राज्य सरकारें भी मिलेट्स का प्रचार करने में पीछे नहीं हैं और जनता से ज्यादा से ज्यादा मोटा अनाज अपने भोजन में इस्तेमाल करने के लिए वे कहते हैं। मोटे अनाज यानी मिलेट्स को पीएम मोदी ने ‘श्री अन्न’ का नाम भी दिया है। अब एक ऐसे गीत को प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय ग्रैमी अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट किया गया है, जिसमें मिलेट्स के बारे में पीएम मोदी के भाषण का भी हिस्सा है।
इस गीत का शीर्षक ‘एबंडेंस इन मिलेट्स’ है। ग्रैमी अवॉर्ड की बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक परफॉरमेंस श्रेणी में एबंडेंस इन मिलेट्स को जगह दी गई है। इस गीत को फाल्गुनी शाह (फालू) और गौरव शाह ने कंपोज किया और गाया है। इस गीत में बाजरा की खेती और भोजन में इसे शामिल करने से होने वाले फायदे गिनाए गए हैं। फाल्गुनी और गौरव शाह के एबंडेंस इन मिलेट्स गीत में ही मोटे अनाज के बारे में पीएम मोदी के दिए एक भाषण के कुछ अंश भी रखे गए हैं। पीएम मोदी के भाषण के जिस हिस्से को फाल्गुनी और गौरव ने गीत में जगह दी है, उसमें वो कह रहे हैं कि हमारे अन्नदाता और हमारे साझा प्रयासों से श्री अन्न भारत और विश्व की समृद्धि में नई चमक जोड़ेगा। पीएम मोदी ने दिल्ली में एक कार्यक्रम में श्री अन्न की खासियत बताई थी। उन्होंने कहा था कि खुशी है कि आज जब दुनिया अंतरराष्ट्रीय बाजरा वर्ष मना रही है, तो भारत इस अभियान का नेतृत्व कर रहा है। इसी भाषण का हिस्सा फाल्गुनी शाह और गौरव शाह ने एबंडेंस इन मिलेट्स गीत में शामिल किया है।
“Abundance in Millets” a song inspired by PM @narendramodi ‘s proposition to the @UN to declare 2023 as the International Year of Millets. Honored to collaborate with him, write a song to promote millets, help farmers grow it & help end world hunger. https://t.co/DuvVRMwqC5
— Falu (@FaluMusic) June 16, 2023
एबंडेंस इन मिलेट्स गीत के अलावा ग्रैमी अवॉर्ड के बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक परफॉर्मेंस कैटेगरी में और भी 6 गीत हैं। अगर फाल्गुनी की बात करें, तो उनको कई बार ग्रैमी अवॉर्ड के लिए पहले भी नामिनेट किया जा चुका है। साल 2022 यानी पिछले साल फाल्गुनी ने अपने अल्बम ‘अ कलरफुल वर्ल्ड’ के बेस्ट चिल्ड्रेन अल्बम का खिताब भी हासिल किया था। गौरव उनके पति हैं और दोनों मिलकर गीतों की रचना करते और उनको गाते हैं। इस बार एबंडेस ऑफ मिलेट्स को अगर ग्रैमी अवॉर्ड मिलता है, तो पीएम मोदी के मोटे अनाज को बढ़ावा देने के अभियान को और बल मिलेगा।