News Room Post

Strike in UP: यूपी में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, ऊर्जा मंत्री एके शर्मा से वार्ता के बाद किया ऐलान

Strike in UP: दरअसल, विगत दिनों बिजली विभाग के 3 हजार से भी अधिक संविदा कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया गया था। इसके अलावा 16 अधिशाषी अभियंता, अवर अभियंता और एसडीओ को भी निलंबित कर दिया गया था। जिसे लेकर विभाग के कर्मियों के बीच रोष का आलम था।

नई दिल्ली। यूपी में 64 घंटे बाद बिजली कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म करने का ऐलान कर दिया है। कर्मचारियों के हड़ताल से कई इलाकों में अंधेरा छा गया था। लोग अंधेरे में रहने को मजबूर थे, लेकिन अब बिजली कर्मचारियों के ऐलान के बाद सूबे के लोग राहत की सांस लेते नजर आ रहे हैं। बता दें कि ऊर्जा मंत्री एके शर्मा एवं चेयरमैन एम देवराज के साथ बैठक के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म करने का ऐलान किया है। मंत्री के आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने काम पर लौटने का ऐलान किया है।  कर्मचारियों ने बैठक के दौरान सकारात्मक तरीके से अपने विचार व्यक्त किए। एसके मिश्रा ने कहा कि कर्मचारी पहले भी बैठक के लिए तैयार थे, आज भी तैयार हैं और हमेशा रहेंगे। हम चाहते हैं कि किसी को कोई समस्या का सामना ना करना पड़े। संघर्ष समिति के संयोजक शैलेंद्र दुबे ने कहा कि हम नहीं चाहते हैं कि किसी भी कीमत पर उपभोक्ता को समस्या हो। आइए, आगे जानते हैं कि आखिर बिजली कर्मचारी क्यों हड़ताल पर थे ?

दरअसल, विगत दिनों बिजली विभाग के 3 हजार से भी अधिक संविदा कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया गया था। इसके अलावा 16 अधिशाषी अभियंता, अवर अभियंता और एसडीओ को भी निलंबित कर दिया गया था। जिसे लेकर विभाग के कर्मियों के बीच रोष का आलम था। उधर, इस मामले के विरोध में 22 कर्मचारी नेता समेत कुल 29 के खिलाफ आवश्यक सेवा अनुरक्षण कानून (एस्मा) के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था। जिसके बाद बिजली विभाग के कई कर्मी सड़क पर उतरकर इस फैसले को वापस लेने की मांग कर रहे थे, जिस पर अब सरकार ने सकारात्मक कदम उठाया है।

बता दें कि इस हड़ताल की वजह से आम लोगों के साथ-साथ औद्योगिक घरानों की गतिविधियों रुक गई थीं। औद्योगिक रफ्तार बिजली गुल होने की वजह से मंद हो गई थी। आसार जताए जा रहे थे कि अगर हड़ताल लंबी चली, तो औद्योगिक मोर्चे पर प्रदेश को काफी नुकसान हो सकता है, लेकिन वक्त रहते ही सरकार ने कदम उठाते हुए हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों के साथ वार्ता करके संवेदनशील स्थिति को दुरूस्त करने का काम किया है।

Exit mobile version