News Room Post

Swara Bhaskar: नूपुर शर्मा और मोहम्मद पैगंबर विवाद पर स्वरा भास्कर ने तोड़ी चुप्पी, कहा- हिंसा….!

swara bhaskar

नई दिल्ली। नूपुर शर्मा द्वारा टीवी डिबेट के दौरान मोहम्मद पैगंबर पर दिए गए विवादित बयान के बाद हुई हिंसा मामले में अब यूपी पुलिस समेत अन्य राज्यों की पुलिस एक्शन मोड में आ चुकी है। यूपी के विभिन्न जिलों से हिंसा में संलिप्त 300 से भी अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।  सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को चिन्हित कर उनके अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया  जा रहा है। अब तक कई आरोपियों के घर पर प्रदेश सरकार की तरफ से बुलडोजर चलाया जा चुका है। लेकिन, इस बीच नूपुर शर्मा के खिलाफ कुछ असामाजिक तत्वों के लोग अनाप-शनाप बकने पर उतारू हो चुके हैं। कोई उनके मारने की बात कर रहा है, तो कोई उनका पुतला फूंकने की बात कह रहा है, तो कोई उनके संदर्भ में विवादित टिप्पणी कर रहा है। इसी बीच पूर्व भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी वेंकटेश ने एक ट्वीट किया है, जिसमें उन्होंने लिखा कि, ‘यह कर्नाटक में नूपुर शर्मा का लटका हुआ पुतला है। बस विश्वास नहीं हो रहा है कि यह 21वीं सदी है, भारत। मैं सभी से आग्रह करूंगा कि राजनीति को एक तरफ छोड़ दें और विवेक को प्रबल होने दें। यह तो बहुत ज़्यादा है।

वहीं, वेंकटेश के इसी ट्वीट को रिट्वीट करते हुए फिल्म एक्ट्रेस स्वरा भास्कर ने ट्वीट कर कहा कि, इस बात से सहमत। मुझे उम्मीद है कि हम सभी समझदार लोगों को बीफ लिंचिंग पर भी ऐसा ही खौफ महसूस होगा और जब राजस्थान के राजसमंद में तथाकथित लव जेहाद के संदेह में एक गरीब प्रवासी मजदूर को जिंदा जला दिया गया था। यह एक पुतला है, वे असली लोग थे। हमारा आतंक पहचान पर आधारित नहीं होना चाहिए।

इसके अलावा उन्होंने दूसरे ट्वीट में कहा कि, हिंसा.. गलत होने के अलावा, सबसे न्यायसंगत और वैध कारणों को भी बदनाम करती है। हिंसा अमानवीय, अनैतिक और खराब राजनीतिक रणनीति है। और इसे महात्मा गांधी से बेहतर कोई नहीं समझ सकता था। उत्पीड़ितों को हिंसा के लिए उकसाना एक जाल है। इसके झांसे में न आएं !!हमारा आतंक पहचान पर आधारित नहीं होना चाहिए। बहरहाल, उनका यह ट्वीट अभी खासा वायरल हो रही है। जिस पर अलग-अलग तरह से अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए नजर आ रहे हैं।

गौरतलब है कि विगत दिनों बीजेपी ने नूपुर शर्मा को मोहम्मद पैगंबर पर की गई विवादित टिप्पणी की वजह से  बाहर का रास्ता दिखा दिया, लेकिन बीते दिनों जिस तरह मुस्लिम संगठनों की तरफ से नूपुर को गिरफ्तार किए जाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन की आड़ में हिसा सरीखी गतिविधियों को अंजाम दिया गया, उसे लेकर अब यूपी पुलिस एक्शन मोड में आ चुकी है। अब तक इस मामले में संलिप्त 300 से भी अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब ऐसी स्थिति में इस पूरे मामले के संदर्भ में आगे चलकर क्या कुछ  कार्रवाई की जाएगी। इस पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी। तब तक के लिए आप देश दुनिया की तमाम बड़ी खबरों से रूबरू होने के लिए पढ़ते रहिए। न्यूज रूम पोस्ट.कॉम

Exit mobile version