पहलगाम। धरती के स्वर्ग कहे जाने वाले जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को पर्यटकों को आतंकियों ने निशाना बनाया। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकियों ने फायरिंग की। ये घटना बैसरन घाटी में हुई। बैसरन घाटी में हुई वारदात में 5-6 लोगों को गोली लगने की शुरुआती जानकारी आई है। सभी को अनंतनाग के सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। घायलों में कुछ स्थानीय लोग हैं। बताया जा रहा है कि एक पहाड़ पर ट्रेकिंग करते वक्त पर्यटकों पर हमला किया गया। इलाके में काफी जंगल हैं। बताया जा रहा है कि हमले के बाद आतंकी जंगलों में भाग गए। पहलगाम में पर्यटकों पर फायरिंग के बाद यहां सेना और केंद्रीय बलों के साथ जम्मू-कश्मीर पुलिस के दस्तों ने पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। पहलगाम को भारत का स्विटजरलैंड भी कहा जाता है। गर्मी और जाड़े दोनों ही सीजन में पर्यटक पहलगाम का रुख करते हैं।
#WATCH | Firing incident reported in Pahalgam, J&K; Police and Security Forces present on the spot
Details awaited. pic.twitter.com/jlDZ1oubnB
— ANI (@ANI) April 22, 2025
जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान की शह पर आतंकी वारदात करने की ताक में रहते हैं। पिछले साल जून के बाद से आतंकियों ने जम्मू इलाके में कई जगह आतंकी हमले किए थे। जिस दिन मोदी सरकार तीसरी बार शपथ ले रही थी, उसी दिन आतंकियों ने रियासी में तीर्थयात्रियों की बस पर हमला किया था। जिसमें 9 लोगों की जान गई थी। इसके बाद आतंकियों ने जम्मू के इलाके में कई जगह सेना के काफिले और कैंप को भी निशाना बनाया था। जिसमें अफसर समेत 12 जवान वीरगति को प्राप्त हुए थे। लगातार होते हमले के बाद केंद्र सरकार ने सेना और केंद्रीय बलों को आतंकियों का पूरी तरह सफाया करने के आदेश दिए थे। जिसके बाद ताबड़तोड़ एक्शन में तमाम आतंकियों को मौत के घाट उतारा गया था।
पहलगाम में पर्यटकों पर फायरिंग करने वाले आतंकी ये नहीं चाहते कि जम्मू-कश्मीर के आम लोगों की रोजी-रोटी चले। पर्यटन ही जम्मू-कश्मीर में आम लोगों की रोजी-रोटी का मुख्य साधन है। कुछ दिनों बाद अमरनाथ यात्रा भी शुरू होने जा रही है। अमरनाथ गुफा का रास्ता पहलगाम होते हुए भी जाता है। ऐसे में पहलगाम में पर्यटकों को निशाना बनाकर आतंकियों ने बड़ी चुनौती दी है। हालांकि, अब सेना के एक्शन में इनके खात्मे की कहानी लिखी जानी तय है।