मुंबई। आज मुंबई में दोपहर 2 बजे से वर्ल्ड कप का पहला सेमीफाइनल मैच भारत और न्यूजीलैंड की टीमों के बीच होना है। इससे ठीक पहले इस मैच के दौरान हमले की धमकी दी गई है। मुंबई पुलिस को धमकी वाला मैसेज मिला है। इस मैसेज में कहा गया है कि भारत और न्यूजीलैंड के सेमीफाइनल मैच के दौरान कुछ बड़ी घटनाएं की जाएंगी। मुंबई पुलिस को अज्ञात शख्स ने ट्विटर के जरिए ये धमकी दी है। इस धमकी के मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने वानखेड़े स्टेडियम और आसपास सुरक्षा को और कड़ा कर दिया है। मुंबई पुलिस को अज्ञात शख्स ने ट्विटर पर टैग किया और इसमें बंदूक, ग्रेनेड और गोलियों वाली फोटो लगाकर धमकी दी। इन फोटो में से एक में मैच के दौरान आग लगा देंगे लिखा फोटो भी है। मुंबई पुलिस ने कहा है कि धमकी भरा मैसेज मिला है। कड़ी निगरानी इस वजह से रखी जा रही है।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच मैच से ठीक पहले आई ये धमकी खालिस्तानी आतंकी और सिख्स फॉर जस्टिस (एसएफजे) के चीफ गुरपतवंत सिंह पन्नू की धमकी की भी याद दिलाती है। बीते दिनों गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भी वर्ल्ड कप के दौरान बड़ी घटना होने की धमकी दी थी। सूत्रों के मुताबिक ट्विटर के जरिए धमकी देने वाले शख्श को जोरशोर से तलाशा जा रहा है। ये शख्स कितना बेखौफ है, ये इसी से पता चलता है कि उसने ट्विटर के जरिए मुंबई पुलिस को खुलेआम धमकी दी है। मुंबई पुलिस को पहले भी तमाम तरह की धमकियां मिलती रही हैं। ज्यादातर बार धमकी देने वालों तक पुलिस पहुंचती रही है और आरोपियों को गिरफ्तार करने में उसे सफलता मिली है। इस बार भी पुलिस सूत्र बता रहे हैं कि धमकी देने वाले तक जरूर पहुंचा जाएगा।
उधर, भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले मैच को लेकर फैंस में बहुत उत्साह है। भारतीय फैंस मान रहे हैं कि आज रोहित शर्मा की टीम न्यूजीलैंड को सेमीफाइनल में हराकर 2019 के सेमीफाइनल में मिली हार का बदला जरूर चुकाएगी। दोपहर तक पूरा वानखेड़े स्टेडियम भर जाने के पूरे आसार दिख रहे हैं।