News Room Post

Accidents: 2022 के पहले दिन 3 बड़े हादसे; वैष्णो देवी में 12, भिवानी में 2, विरुधुनगर में 3 की मौत

नई दिल्ली। नए साल 2022 की 1 जनवरी की तारीख हादसों के नाम हो गई। देश में तीन बड़े हादसे हुए। वैष्णो देवी में भगदड़ में 12 लोगों की मौत हो गई। वहीं, हरियाणा के भिवानी में पहाड़ खिसकने से अब तक 2 लोगों की मौत की खबर है। तीसरा बड़ा हादसा तमिलनाडु के विरुधुनगर में हुआ। यहां एक पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से 3 लोगों की मौत और कई के झुलसने की खबर है। 1 जनवरी 2022 की तारीख शुरू होते ही सबसे पहला हादसा रात करीब पौने 3 बजे वैष्णो देवी में हुआ। यहां माता के दर्शन कर लौट रहे लोगों के बीच कथित तौर पर बहस और धक्कामुक्की के बाद भगदड़ मच गई। इसमें घायलों की संख्या 13 है और 3 गंभीर रूप से जख्मी हैं।

उधर, हरियाणा के भिवानी के डाडम इलाके में पहाड़ धसक गया। इससे 2 लोगों की मौत होने की पुष्टि हो चुकी है। मृतकों की तादाद बढ़ सकती है। मलबे में करीब 15 से 20 लोग और 10 गाड़ियों के दबे होने की बात कही जा रही है। डाडम में बड़े पैमाने पर खनन होता है। यहां शुक्रवार से ही काम दोबारा शुरु हुआ था। आज यहां पहाड़ अचानक धसक गया और लोग उसकी चपेट में आ गए। यहां के स्थानीय लोगों के मुताबिक खनन क्षेत्र में लगभग 9000 लोग काम करते हैं। इनमें भी प्रवासियों की संख्या ज्यादा है। आशंका है कि हताहतों में प्रवासी ही ज्यादा हो सकते हैं।

नए साल के पहले दिन का तीसरा बड़ा हादसा तमिलनाडु के विरुधुनगर में हुआ। यहां पटाखा फैक्ट्री में आग लग गई। खबर लिखे जाने तक यहां 3 लोगों की मौत हो चुकी थी और 5 लोग गंभीर रूप से झुलसे थे। इनमें से 1 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सुबह करीब 8 बजे फैक्ट्री में आग लगी। रेस्क्यू ऑपरेशन यहां काफी देर चलता रहा। फैक्ट्री में आग से धमाके होने लगे। बारूद में आग कैसे लगी, ये अभी तक पता नहीं चल सका है। माना जा रहा है कि आग की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकता है। पुलिस और दमकल विभाग इस हादसे की जांच कर रहे हैं।

Exit mobile version