News Room Post

WB Voilence: बंगाल में जारी हिंसा पर बोले त्रिपुरा के सीएम, ममता को नैतिकता का पालन करना चाहिए

Biplab Kumar Deb

अगरतला। नंदीग्राम से चुनाव हारने के बावजूद पश्चिम बंगाल का तीसरी बार मुख्यमंत्री बन रहीं ममता बनर्जी को त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने राजनीतिक मर्यादा की याद दिलाई है। देब ने बनर्जी को कहा है कि आप नंदीग्राम से चुनाव हारी हैं। जनता ने आपको जनादेश नहीं दिया। व्यक्तिगत रूप से कहूं अगर मैं होता तो चुनाव हारने के बाद मुख्यमंत्री नहीं बनता। पार्टी को अपना फैसला बता देता। अभी-अभी नंदीग्राम की जनता ने ममता को चुनाव हराया है। वह जनता भी पश्चिम बंगाल की ही है कहीं बाहर की नहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता सर्वोपरि होती है। उसके जनादेश का पालन करना चाहिए। पश्चिम बंगाल की जनता ने भाजपा को मुख्य विपक्षी दल के लिए जनादेश दिया है। पार्टी जनादेश का आदर करते हुए सशक्त विपक्ष की भूमिका निभाएगी। साथ ही पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल की जनता के विकास की कोशिश करेगी।

राज्य भाजपा कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए देब ने कहा कि पश्चिम बंगाल समेत सभी पांच राज्यों में भाजपा का आधार बढ़ा है, पार्टी प्लस हुई है। पश्चिम बंगाल में पार्टी का मत प्रतिशत 10 से बढ़कर 38 के पार पहुंचा है। तो सीटों की संख्या भी 3 से 77 हुई है। मगर आजादी के बाद यह पहला अवसर है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा में कांग्रेस पार्टी का एक भी विधायक नहीं है। वहीं राज्य में 34 साल तक शासन करने वाले वाम दल के भी एक भी विधायक विधानसभा में नहीं पहुंचे हैं। भाजपा के परिणाम पर सवाल उठा रहे राजनीतिक पंडितों को अपरोक्ष रूप से आडे हाथ लेते हुए देब ने कहा कि किसी को भी यह भूलना नहीं चाहिए कि बंगाल की राजनीति में सबसे कम समय में भाजपा का ही उत्थान हुआ है।

नंदीग्राम से चुनाव हारने के बाद परिणाम पर बवाल काट रहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर चुटकी लेते हुए त्रिपुरा के मुख्यमंत्री ने कहा है कि आप हार गईं तो षडयंत्र और जहां जीती हैं वहां क्या षड़यंत्र नहीं। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी को नंदीग्राम की जनता ने हराया है। उन्हें नैतिकता का ख्याल रखना चाहिए। बिप्लब देब ने नंदीग्राम से चुनाव जीतने वाले शुभेंदू अधिकारी को बधाई देते हुए कहा है कि आप नंदीग्राम से चुनाव जीतने में सफल रहे हैं इसके लिए आपका अभिनंदन।

पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद जारी हिंसा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को आडे हाथ लेते हुए बिप्लब कुमार देब ने कहा है कि पडोसी राज्य असम में भी चुनाव हुए हैं भाजपा यहां दूसरी बार जीत कर आई है। मगर यहां कोई हिंसा नहीं हुई। पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद जारी हिंसा की निंदा करते हुए देब ने कहा कि तृणमूल सुप्रिमो को जल्द ही अपने कॉडर से अपील करना चाहिए। ये उनका दायित्व है। भाजपा कार्यकर्ताओं पर हो रहे हमलें बर्दाश्त नहीं होंगे। चुनाव में राजनीतिक दलों की जीत-हार होती रहती है। मगर चुनाव बाद हिंसा को सभ्य समाज कतई भी बर्दाश्त नहीं कर सकता है। धैर्य बनाए रखने के लिए पश्चिम बंगाल के कार्यकर्ताओं को धन्यवाद करते हुए देब ने कहा कि आपकी ताकत कम नहीं है। पूरे देश के कार्यकर्ता आपके साथ हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नडडा, पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री श्री अमित शाह जी के नेतृत्व में सभी पांचों राज्यों में भाजपा ने अपना आधार बढ़ाया है। हर जगह पार्टी प्लस हुई है। असम में सरकार दोबारा बन रही है, पुडडूचेरी में राजग की सरकार बन रही है, तो पहली दफे भाजपा ने 6 सीटें जीती हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा 3 सीट से 77 पर पहुंची है। इसके अलावा तमिलनाडू में भी पार्टी ने पहली दफे 4 सीटें जीती हैं। कोयम्बटूर दक्षिण से कमल हासन को चुनाव हराने वाली वनिता श्रीनिवासन की तारीफ करते हुए देब ने त्रिपुरा भाजपा की ओर से उनका अभिनंदन किया है। वहीं केरल में भी पार्टी का वोट प्रतिशत बढ़ा है।

बिप्लब देब ने कहा है कि तृणमूल के हिंसा की राजनीति का भाजपा पूरे देशभर में विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि 5 और 6 मई को देशभर में भाजपा कार्यकर्ता मंडल स्तर पर कोविड नियमों का पालन करते हुए पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस द्वारा किए जा रहे चुनाव बाद हिंसा के कृत्य का पर्दाफास करेंगे। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा भाजपा के बूथ स्तर के कार्यकर्ता समेत पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता और चुने हुए प्रतिनिधि 5 मई को सांय 7 बजे अपने घर के आगे 5 मोमबती जलाकर पश्चिम बंगाल में मारे गए भाजपा कार्यकर्ता के आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करेंगे साथ ही ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस के इस कृत्य का विरोध करेंगे।

Exit mobile version