News Room Post

Maharashtra: एक ही लड़के पर आ गया जुड़वा बहनें रिंकी-पिंकी का दिल, रचाई शादी

नई दिल्ली। जिस खबर के बारे में हम आपको बताने जा रहे हैं। यकीन मानिए, उससे वाकिफ होने के बाद आप हैरत के सैलाब में सराबोर हो जाएंगे। खबर महाराष्ट्र के सोलापुर से है, जहां दो जुड़वा बहनें रिंकी और पिंकी का दिल एक ही लड़के अतुल पर आ गया। अब ये दोनों बहनें करतीं तो करतीं क्या। सो दोनों ने अतुल से ही शादी रचा ली। वहीं अतुल दोनों बहनों का हाथ थामने के लिए राजी हो गया। उधर, परिजनों को भी कोई आपत्ति नहीं रही। लेकिन अब इस शादी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर ये शादी वैध है या अवैध? जिसकी जांच जारी है। दोनों ही बहनें आईटी कंपनी में कार्यरत हैं। दोनों बचपन से ही साथ रहे हैं। कुछ दिनों पहले ही पिता के निधन होने के बाद दोनों बहनें अपनी मां के साथ रह रही हैं। वहीं अब जब दोनों ने बहनों से अतुल से शादी कर अपनी नई जिंदगी की शुरूआत कर ली है।

बीते दिनों दोनों बहनें रिंकी और पिंकी की मां की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई थी। जिसके बाद दोनों बहनों ने अपनी मां को अस्पताल पहुंचाने के लिए अतुल की गाड़ी का इस्तेमाल किया था। अतुल ने भी दोनों बहनों की काफी मदद की थी और उनकी मां का भी ख्याल रखा था। इस तरह अतुल की नजदीकियां दोनों बहनों से बढ़ती चली गई और इसके बाद यह नजदीकियां कब प्यार में तब्दील हो गई। किसी को कुछ पता ही नहीं चला।

अब इसके बाद सवाल यह था कि दोनों को एक ही लड़के से प्यार हुआ है, तो शादी कैसे होगी? लेकिन, दोनों बहनों ने अतुल से शादी करने का फैसला किया। अतुल को भी कोई आपत्ति नहीं रही और परिवार वाले भी मान गए। बता दें कि अतुल का सोलापुर में ट्रेवल एजेंसी का कारोबार है। जहां वे अच्छा मुनाफा अर्जित करते हैं। माना जा रहा है कि सभी इस शादी से खुश हैं।

दोनों बहनों को भी कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन इस शादी के बाद बहस का बाजार भी गुलजार हो गया कि क्या ऐसा कल्चर भारतीय संस्कृति के लिए उचित रहेगा। जहां एक तरफ हम बहुविवाह की आलोचना करते हैं और इसके विरुद्ध कानून लाने की पैरोकारी करते हैं, तो क्या ऐसी शादी वैध रहेंगी।

उधर, सोशल मीडिया पर इस शादी को लेकर अधिकांश लोग हास्यास्पद प्रतिक्रियाएं ही दे रहे हैं, लेकिन यह शादी अपने पीछे कुछ गंभीर प्रश्न भी छोड़ रहा है, जिस पर गंभीर विवेचना की आवश्यकता है। बहरहाल, इस मसले को लेकर शुरू हुआ शोर आगामी दिनों में क्या रुख अख्तियार करता है। इस पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी। तब तक के लिए आप देश दुनिया की तमाम बड़ी खबरों से रूबरू होने के लिए पढ़ते रहिए। न्यूज रूम पोस्ट.कॉम

Exit mobile version