News Room Post

Jharkhand: झारखंड में फिर एक बड़ी घटना, राजधानी रांची के रिम्स अस्पताल की ग्रिल तोड़कर नक्सली समेत 2 कैदी फरार

ranchi rims

रांची। झारखंड लगातार खराब कानून और व्यवस्था की वजह से खबरों में बना हुआ है। ताजा मामला राजधानी रांची का है। रांची के रिम्स अस्पताल से दो कैदी फरार हो गए हैं। इनमें एक नक्सली भी है। बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात दोनों कैदी ग्रिल तोड़कर भाग निकले। पुलिस अब इनकी तलाश में जुटी है। इनमें से एक कैदी हजारीबाग और दूसरा गुमला जेल से लाया गया था। पुलिस के मुताबिक कैदियों की फरारी की जानकारी रात 2 बजे मिली। फरार हुए कैदियों के नाम अमित उरांव और मसरूर आलम खान हैं। अमित नक्सली है। जिस ग्रिल को तोड़कर ये फरार हुए, वो काफी कमजोर थी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक अमित उरांव और मसरूर आलम खान को एक ही वार्ड में रखा गया था। दोनों का इलाज चल रहा था। अमित को गुमला पुलिस ने गिरफ्तार किया था। जबकि, मसरूर को छेड़छाड़ के आरोप में पकड़ा गया था। अमित और मसरूर के फरार होने की जानकारी संबंधित जिलों की पुलिस को दी गई है। जो पुलिसकर्मी इन दोनों के साथ तैनात किए गए थे, उनपर कार्रवाई की जा रही है। सवाल ये है कि जिस वार्ड की ग्रिल तोड़कर दोनों भागे, वो अगर कमजोर थी, तो इसे पहले से देखा क्यों नहीं गया?

बता दें कि पिछले कुछ समय से झारखंड में कानून और व्यवस्था की हालत काफी खराब है। लड़की को जलाकर मारने की घटना के अलावा रेप और अन्य वारदात की खबरें आए दिन आती हैं। हालांकि, सूबे की सरकार का कहना है कि वारदात तो हर राज्य में होते हैं। उसका दावा है कि पुलिस चौकस है। अब कैदियों के फरार होने से सरकार के दावों की हकीकत सामने आ गई है।

Exit mobile version