News Room Post

UP Panachayat Chunav: सपा के गढ़ में BJP ने खेला बड़ा दाव, मुलायम सिंह की भतीजी को दिया जिला पंचायत का टिकट

yogi and mulayum

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव (UP Panachayat Chunav) को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) का गढ़ माने जाने वाले मैनपुरी में बड़ा दाव खेला है। भाजपा ने पंचायत चुनाव में विजय हासिल करने के लिए सपा परिवार में सेंधमारी की है। दरअसल भाजपा ने मैनपुरी में जिला पंचायत सदस्य सीट के लिए मुलायम सिंह यादव की भतीजी व पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव की सगी बहन संध्या यादव को टिकट दिया है। बता दें कि भाजपा ने मंगलवार देर शाम जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशियों की सूची जारी की। जिसमें संध्या यादव को वार्ड नंबर 18 घिरोर तृतीय से प्रत्याशी बनाया गया है।

आपको बता दें कि मुलायम सिंह की भतीजी संध्या यादव 2015 में मैनपुरी की जिला पंचायत अध्यक्ष बनी थीं। लेकिन कहा जाता है कि समाजवादी पार्टी के सदर विधायक के इशारे पर इनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था, लेकिन भाजपा ने अविश्वास प्रस्ताव पर इनकी मदद की थी। संध्या यादव के पति पहले ही भाजपा में शामिल हो चुके हैं और अब भाजपा ने संध्या यादव को टिकट दिया है।

मैनपुरी में 30 सीटों पर जिला पंचायत वार्डों के लिए सदस्य पद का चुनाव किया जाना है। 30 सीटों के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने मंगलवार शाम प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। तो वहीं, वार्ड नंबर 18 घिरोर तृतीय से भाजपा ने मुलायम सिंह की भतीजी संध्या यादव को टिकट दिया है। संध्या यादव के भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने से सपा खेमा में खलबली मच गई है।

Exit mobile version