News Room Post

UP: आज से तीन दिन तक लखनऊ में रहेंगी प्रियंका गांधी, UP विधानसभा चुनाव के लिए बनाएंगी रणनीति

Priyanka_Gandhi_Vadra

नई दिल्ली। कांग्रेस की महासचिव और यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी तीन दिन के लखनऊ दौरे पर आ रही हैं। रविवार तक वह यहां रहेंगी और यूपी विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति बनाएंगी। प्रियंका का लखनऊ दौरा करीब डेढ़ साल बाद हो रहा है। दोपहर में लखनऊ पहुंचने के बाद प्रियंका गांधी सीधे हजरतगंज चौराहे जाएंगी। यहां वह महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी। इसके बाद वह मॉल एवेन्यू में कांग्रेस के प्रदेश दफ्तर पहुंचेंगी। प्रदेश दफ्तर में उनका पहला कार्यक्रम कई किसान संगठनों के नेताओं से बैठक का होगा।

इसके अलावा प्रियंका गांधी अमेठी और रायबरेली के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्षों के साथ बैठक कर रणनीति बनाएंगी। उनके कार्यक्रम में प्रतियोगी छात्रों, बेरोजगार मंच के पदाधिकारियों के साथ बैठक भी है। इसके अलावा वह कुछ अन्य लोगों से मिलकर चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा करेंगी। इससे पहले प्रियंका गांधी कई बार यूपी के दौरे पर आ चुकी हैं, लेकिन कांग्रेस की खराब हालत सुधारने में वह नाकाम रहीं। कांग्रेस के नेताओं के बीच खींचतान भी पार्टी की मुश्किलों में इजाफा करती रही है। बीते दिनों पार्टी के वरिष्ठ नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी और प्रवक्ता जफर अब्बास के बीच भी खुलेआम तनातनी देखने को मिली थी। नसीमुद्दीन ने जफर पर आरोप लगाया था कि उनके बीजेपी के नेताओं से संबंध हैं। जफर को नसीमुद्दीन ने प्रवक्ता पद से हटा तक दिया था।

बता दें कि हाल ही में यूपी में हुए पंचायत चुनाव में कांग्रेस को करारी शिकस्त मिली है। हालत यह है कि कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली और पार्टी के पुराने गढ़ रहे अमेठी में कांग्रेस के खाते में महज दो सीटें आईं। 2019 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी अमेठी में स्मृति ईरानी से हार गए थे। यूपी में कांग्रेस के सात विधायक हैं, जिनमें से अदिति सिंह और राकेश सिंह ने बगावती तेवर अपना रखे हैं।

Exit mobile version