News Room Post

गणतंत्र दिवस के मौके पर CM योगी ने दिये पूरे राज्य में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करने के निर्देश

CM Yogi Meeting

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी, 2021 को सम्पूर्ण प्रदेश में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा है कि राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर संचालित इस अभियान के तहत प्रत्येक गांव व शहर में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई के कार्य किये जाएं। मुख्यमंत्री आज यहां अपने सरकारी आवास पर बुलाई गई एक उच्चस्तरीय बैठक में विभिन्न विभागों के कार्याें की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने शीतलहर के दृष्टिगत रैन बसेरों के सुचारु संचालन तथा अलाव की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा है कि शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के सभी प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने जरूरतमंदों को कम्बल वितरित करने के निर्देश भी दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ किये जाएं। कार्य की प्रभावी माॅनीटरिंग करते हुए निर्माण परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जाए। बैठक में मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि पूर्वान्चल एक्सप्रेस-वे परियोजना का निर्माण कार्य तेज गति से जारी है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वरासत अभियान को निर्धारित समय-सारणी के अनुरूप संचालित करते हुए निर्विवाद उत्तराधिकार को खतौनियों में दर्ज किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को अभियान की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिये।

बैठक में चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना, स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह, मुख्य सचिव आर0के0 तिवारी, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक टण्डन, कृषि उत्पादन आयुक्त आलोक सिन्हा, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Exit mobile version