News Room Post

Oommen Chandy Dead: कांग्रेस के दिग्गज नेता और केरल के पूर्व सीएम ओमान चांडी का निधन, सबसे ज्यादा बार चुनाव जीतने का था रिकॉर्ड

oommen chandy 1

बेंगलुरु। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और केरल के 2 बार सीएम रहे ओमान चांडी का बेंगलुरु के अस्पताल में निधन हो गया है। वो 80 साल के थे। ओमान चांडी 2019 से ही बीमार चल रहे थे। उनको गले की बीमारी थी। अपनी साधारण जीवनशैली और दिल की बात जुबां पर रखने की वजह से ओमान चांडी को अलग किस्म का नेता माना जाता था। वो कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य भी थे। ओमान चांडी को मई में भी तबीयत काफी खराब होने की वजह से अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। ओमान चांडी को फिर तबीयत काफी बिगड़ने के बाद बेंगलुरु के चिन्मय मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली।

कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में शुमार चांडी पार्टी की कार्यसमिति में भी रहे। केरल में कांग्रेस को आगे ले जाने में उनका बड़ा योगदान रहा है। ओमान चांडी का जन्म केरल के त्रावणकोर जिले के पुतुप्पल्लि में 31 अक्टूबर 1943 को हुआ था। वो केरल मे साल 2004 से 2006 और फिर 2011 से 2017 तक सीएम रहे। ओमान चांडी ने 1970 से लगातार विधानसभा चुनाव जीते थे। इन जीत से ओमान चांडी ने लंबे समय तक विधायक रहने का रिकॉर्ड बनाया था। ओमान चांडी को साल 2013 में सार्वजनिक सेवा में भ्रष्टाचार रोकने और उससे मुकाबला करने के लिए संयुक्त राष्ट्र लोकसेवा पुरस्कार से सम्मानित भी किया गया था।

ओमान चांडी के निधन से कांग्रेस में शोक की लहर है। अन्य दलों के दिग्गज नेताओं की तरफ से भी चांडी के निधन पर शोक जताया गया है। चांडी के निधन के दिन यानी आज ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी बेंगलुरु में विपक्ष की बैठक में शामिल हो रहे हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस के ये सभी बड़े नेता अपने सहयोगियों के साथ चांडी के अंतिम दर्शन करेंगे। ओमान चांडी के निधन से केरल में कांग्रेस के एक युग का अंत हो गया है।

Exit mobile version