News Room Post

Alexander Dugin Praised PM Narendra Modi : व्लादिमीर पुतिन के गुरु अलेक्जेंडर दुगिन ने पीएम नरेंद्र मोदी को बताया सुपर वर्ल्ड लीडर, अखंड और वैदिक भारत का किया समर्थन

Alexander Dugin Praised PM Narendra Modi : अलेक्जेंडर दुगिन ने कहा कि नए भारत का दुनिया में डंका बज रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर क्षेत्र में भारत को मजबूत बनाया है। आज दुनिया के दूसरे देश भारत को ग्लोबल पावर के रूप में देख रहे हैं और यह मोदी की दूरदर्शिता तथा उनके कुशल नेतृत्व का ही परिणाम है।

pm narendra modi

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली और उनके व्यक्तित्व से दुनिया भर में बहुत से लोग प्रभावित हैं। मोदी के प्रशंसकों में अब एक और शख्स का नाम शामिल हो गया है। दुनिया के जाने-माने राजनीति विज्ञानी, महान दार्शनिक और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के गुरु अलेक्जेंडर दुगिन ने पीएम मोदी की शान में कसीदे पढ़े हैं। अलेक्जेंडर दुगिन ने मोदी को महान विश्व नेता की संज्ञा दी है। इसी के साथ उन्होंने अखंड और वैदिक भारत का भी समर्थन किया है।

इंडिया टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक भारत आए अलेक्जेंडर दुगिन ने कहा कि अखंड और वैदिक भारत की पुनर्स्थापना को साकार करने के मोदी के विजन का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महानतम अखंड भारत जिसका साम्राज्य दूर तक फैला रहा है, को फिर से स्थापित करने की दिशा में दिन रात जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि अखंड और वैदिक भारत वो है जहां वेद हैं, उपनिषद हैं, पुराण हैं, कर्म के साथ पांरपरिक रीति-रिवाज हैं। अलेक्जेंडर दुगिन ने कहा कि नए भारत का दुनिया में डंका बज रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर क्षेत्र में भारत को मजबूत बनाया है। आज दुनिया के दूसरे देश भारत को ग्लोबल पावर के रूप में देख रहे हैं और यह मोदी की दूरदर्शिता तथा उनके कुशल नेतृत्व का ही परिणाम है।

उन्होंने कहा कि आज भारत की ताकत, उसकी क्षमता को दुनिया का कोई भी देश खारिज नहीं कर सकता। दुनिया के एक महान लोकतंत्र के बड़े नेता पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से यूक्रेन युद्ध में शांति की अपील करना वाकई प्रेरणादायक है। मोदी दुनिया के सबसे दूरदर्शी, प्रभावशाली होने के साथ मजबूत नेतृत्व वाले नेता भी हैं। आज के समय में दुनिया का हर देश मोदी की बात को सुनता है। वह इंडिया को फिर से भारत बनाने में लगे हैं।

Exit mobile version