News Room Post

Pune Arrest: पुणे में बाइक चुराते एनआईए के 2 वांटेड आरोपी गिरफ्तार, इमरान और साकी पर है 5-5 लाख का इनाम

arrest large

पुणे। पुणे पुलिस ने एनआईए की वांटेड लिस्ट में शामिल 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनका एक साथी भागने में कामयाब हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। जानकारी के मुताबिक कोथरूड थाने की पुलिस गश्त कर रही थी। तभी पुलिसकर्मियों ने 3 लोगों को एक बाइक चुराने की कोशिश करते देखा। इनको तुरंत गिरफ्तार किया गया। सभी से पूछताछ के बाद चोरी के और बाइक वगैरा बरामद करने के लिए उनके घर ले जाया गया। जब पुलिस इनके घरों में तलाशी कर रही थी, तभी तीनों ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने इनमें से 2 को धर दबोचा।

पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों के नाम इमरान खान और मोहम्मद यूनुस साकी हैं। इनके घर से 4 मोबाइल, लैपटॉप और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। जांच के दौरान पता चला कि इमरान खान और साकी एनआईए की तरफ से वांटेड हैं। दोनों पर 5-5 लाख का इनाम एनआईए ने रखा है। पुणे के पुलिस कमिश्नर रीतेश कुमार ने बताया कि एनआईए की वांटेड लिस्ट में शामिल दोनों आरोपियों के बारे में और पड़ताल की जा रही है। इमरान और साकी के फरार हुए साथी की भी तलाश तेजी से की जा रही है। कमिश्नर ने कहा कि भगोड़े को जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

एनआईए ने इससे पहले पुणे से ही आतंकी गतिविधि में लिप्त कुछ लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें पत्रकारिता का एक छात्र भी था। माना जा रहा है कि पुलिस के हत्थे चढ़े दोनों आरोपी ऐसे ही किसी मामले में एनआईए की वांटेड लिस्ट में होंगे। दोनों कितने खतरनाक अपराधी हैं, ये उनपर घोषित इनाम की राशि से ही पता चल जा रहा है। पुणे पुलिस अब ये जानकारी जुटा रही है कि इमरान और यूनुस साकी वगैरा बाइक को किसलिए चुराने की कोशिश कर रहे थे। पहले भी कई बार देश में बाइक बम का इस्तेमाल दहशत फैलाने के लिए हो चुका है।

Exit mobile version