News Room Post

Weather: करवट लेने वाला है मौसम, जानिए ठंड और कोहरे से आपको कब मिलेगी निजात

Weather: दिल्ली में आज सुबह जबरदस्त कोहरा देखा गया। कोहरे के कारण ट्रेनें और विमान यातायात पर भी काफी असर पड़ रहा है। दर्जनों ट्रेनें और विमान लेट होने के कारण यात्रियों को बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

severe cold in delhi

नई दिल्ली। कुछ दिनों से धूप निकलने के कारण ठंड कम होती दिख रही थी, लेकिन अब फिर मौसम बदलने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक एक के बाद एक 3 पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम एक बार फिर करवट बदलेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज उत्तराखंड के कुछ इलाकों में बर्फबारी और बारिश हो सकती है। वहीं, 5 फरवरी तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में भी बर्फ गिरने के आसार हैं। पंजाब, हरियाणा, यूपी, राजस्थान और बिहार के कुछ हिस्सों में बारिश के अलावा ओले गिर सकते हैं। इस दौरान तेज हवा चलने से शीतलहर भी काफी हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटे में पंजाब, हरियाणा, यूपी, बिहार के ज्यादातर हिस्सों में न्यूनतम तापमान 6 से 10 डिग्री के बीच दर्ज हुआ। दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, उत्तरी मध्यप्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल के हिमालय से लगे इलाकों और सिक्किम में न्यूनतम तापमान 8 से 12 डिग्री के बीच रहा।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन फरवरी के पहले हफ्ते के बाद ही ठंड में कमी होते जाने के आसार है। हालांकि, फरवरी के पूरे महीने ठंड और कोहरा देखने को मिल सकता है। दिल्ली में आज सुबह जबरदस्त कोहरा देखा गया। कोहरे के कारण ट्रेनें और विमान यातायात पर भी काफी असर पड़ रहा है। दर्जनों ट्रेनें और विमान लेट होने के कारण यात्रियों को बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। आने वाले दिनों में भी कोहरा होने के आसार हैं और इससे आम लोगों के जीवन पर असर पड़ने के पूरे आसार हैं। शीतलहर के कारण लोगों के रात और सुबह निकलने में भी दिक्कतें आ रही हैं।

जिस पश्चिमी विक्षोभ के कारण ठंड के मौसम में उत्तर भारत पर असर पड़ता है, वो पाकिस्तान की तरफ से आती हैं। ठंडी हवाओं के आने और पहाड़ों में बर्फबारी होने के कारण मैदानी इलाकों में शीतलहर और कोहरे का असर देखा जाता है। पश्चिमी विक्षोभ अगर तगड़ा हो, तो बर्फबारी और बारिश भी काफी होती है। इससे भी ठंड के मौसम में भारत के उत्तरी मैदानी इलाकों में लोगों को हर साल ठिठुरना पड़ता है। हालांकि, दिसंबर के महीने में 25 तारीख तक ठंड कम थी, लेकिन इसके बाद से सर्दी काफी बढ़ गई है।

Exit mobile version