News Room Post

Weather Updates: दिल्ली-NCR में गर्मी का 40 डिग्री ‘टॉर्चर’, 1951 के बाद मार्च में तीसरी बार पड़ी ऐसी गर्मी

heat wave

नई दिल्ली। उत्तर भारत में लोगों को अभी से जेठ की गर्मी महसूस हो रही है। कई राज्यों में पारा चालीस के पास करीब पहुंच गया है। वही, राजधानी दिल्ली में भी अभी से ही मई-जून जैसी भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। दिल्ली में मार्च में ही मई-जून जैसे हालात, तपती धूप और लू (heat wave) से लोगों का बुरा हाल होने लगा है। भारतीय मौसम विभाग के ताजा अपडेट में कहा गया है कि दिल्ली, राजस्थान ,मध्य प्रदेश, झारखंड और गुजरात में हीट वेव की आशंका है इसलिए यहां पर अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग की मानें तो आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच सकता है। विभाग ने दो दिन के लिए लू का अलर्ट जारी किया हुआ है। वहीं अगले एक हफ्ते तक बारिश की भी कोई संभावना नहीं है। दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से लगातार तापमान बढ़ता नजर आ रहा है। पिछले कुछ ही दिनों में अधिकतम तापमान में 10 से 15 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अब मौसम विभाग ने दिल्ली में ‘गंभीर हीट वेव’ की चेतावनी दी है, जिसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने ट्वीट कर कहा, अगले चार से पांच दिनों तक पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ, राजस्थान में हीट वेव की स्थिति नजर आयेगी।


मार्च में अभी तक औसत अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री रहा है। यदि पूर्वानुमान सही रहे और आज तापमान 40 डिग्री तक गया, तो 2018 का रेकॉर्ड टूट जाएगा। 2021 का औसत अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री था। वहीं, बीते एक दशक के दौरान मार्च 2010 में यह 34.1 डिग्री रहा था। अभी तक 2010 के बाद मार्च 2021 सबसे गर्म रहा है। बीते साल मार्च का औसत अधिकतम तापमान 33.1 रहा था और यह बीते 11 सालों का सबसे गर्म मार्च रहा था, लेकिन उक्त साल तापमान पूरे मार्च में 7 दिन 35 डिग्री से अधिक रहा। जबकि 2022 में यह अब तक 12 दिन 35 डिग्री से अधिक रहा है।

Exit mobile version