News Room Post

Chetan Kumar: हिजाब विवाद मामले में जज पर विवादित कमेंट करने वाले चेतन कुमार कौन हैं?

chetan kumar

नई दिल्ली। कर्नाटक हिजाब विवाद मामले से पूरे सूबे में उथल पुथल भरा माहौल है। जहां एक तरफ बजरंग दल के कार्यकर्ता हर्षा की हत्या के बाद मामला सुलगा हुआ है, तो वहीं दूसरी तरफ इस मामले में बेंगलुरू सिटी पुलिस ने मंगलवार देर रात कन्नड अभिनेता और कार्यकर्ता चेतन कुमार को बेंगलुरू से गिरफ्तार कर लिया। चेतन पर आरोप है कि उन्होंने कर्नाटक में हिजाब मामले की सुनवाई कर रहे हाइकोर्ट के जज के खिलाफ आपत्तिजनक ट्वीट किया था। इसके लिए एक्टर चेतन पर आईपीसी की धारा 505 (2) और 504 के तहत FIR दर्ज की गई।

असल में, चेतन कुमार ने 16 फरवरी को जस्टिस कृष्णा दीक्षित के बारे में अपने एक पुराने ट्वीट को री-ट्वीट किया था। पुराने ट्वीट में जस्टिस कृष्णा दीक्षित द्वारा दुष्कर्म के एक आरोपी को गिरफ्तारी से पहले जमानत देने और पीड़िता को लेकर टिप्पणी करने की बात कही गई थी। चेतन ने इसी ट्वीट को रीट्वीट करते हुए इसे हिजाब विवाद से जोड़कर जस्टिस कृष्णा दीक्षित के बारे में आपत्तिजनक ट्वीट कर दिया।

कन्नड़ अभिनेता चेतन कुमार का नाम इससे पहले तब भी सुर्खियों में आया था, जब उन्होंने ब्राह्मणवाद को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। ऐसे में आपके लिए ये जानना ज़रूरी है कि चेतन कुमार कौन हैं, 37 साल के चेतन कुमार का जन्म अमेरिका में हुआ है। उनके माता-पिता डॉक्टर हैं।”आ दिनागलु” फ़िल्म के निर्देशक केएम चेतन्य के मुताबिक, ”जब चेतन येल यूनिवर्सिटी से पढ़कर वापस भारत आए थे, तो उनकी फ़िल्म के लिए वो एक नया चेहरा थे।”
2007 में आई ये फ़िल्म एक कल्ट फ़िल्म मानी गई थी। इसके साथ ही चेतन ने कुछ और फ़िल्मों में भी काम किया, लेकिन वो ख़ास सफल नहीं हो पाईं लेकिन, 2013 में आई उनकी फ़िल्म ‘मायना’ को काफ़ी सराहा गया था।

महेश बाबू के निर्देशन में बनी उनकी अगली फ़िल्म ‘अथीरथा’ मसाले से भरपूर होने के बावजूद भी बॉक्स ऑफ़िस पर कोई कमाल नहीं दिखा पाई। इसकी वजह चेतन कुमार की Political Ideology को माना जाता है और यही वजह रही कि जहां एक तरफ चेतन की छवि एक एक्टिविस्ट के तौर पर मज़बूत होती गई, तो वहीं दूसरी तरफ़ फ़िल्मों में उनकी भागीदारी घटती चली गई।

Exit mobile version