News Room Post

Who Is Satnam Singh In Hindi: कौन हैं सतनाम सिंह?, इटली में मालिक के निर्दयी व्यवहार के कारण गंवानी पड़ी जान

बठिंडा। पंजाब के एक शख्स की इटली में मौत हो गई। मृतक का नाम सतनाम सिंह है। उनका घर पंजाब के बठिंडा जिले के चांद नावा गांव में है। सतनाम सिंह की मौत की दर्दनाक कहानी है। जानकारी के मुताबिक सतनाम सिंह इटली में एक फार्म में काम करते थे। वहां बीती 17 जून को किसी मशीन की चपेट में आने से उनका हाथ कटकर अलग हो गया। हाथ कटकर अलग होने से सतनाम सिंह की हालत खराब हो गई, लेकिन उनका मालिक निर्दयी निकला। मालिक की निर्दयता के कारण सतनाम सिंह की 2 दिन बाद जान चली गई।

सतनाम सिंह के भाई अमृतपाल सिंह का कहना है कि उनके भाई का हाथ कटकर अलग हो जाने पर इटली में उनके मालिक ने निकाल दिया। घायल सतनाम सिंह को इलाज नहीं मिल सका और बीती 19 जून को उनकी मौत हो गई। अब तक इटली या भारत की सरकार ने सतनाम सिंह का शव वापस लाने पर कोई कदम भी नहीं उठाया है। सतनाम सिंह की बहन ने अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि 4 साल पहले जमीन वगैरा बेचकर उनके भाई को परिवार ने इटली भेजा था। वहां उसे नागरिकता मिलने की उम्मीद थी, लेकिन हादसे में मौत हो गई। सतनाम सिंह का परिवार अब केंद्र की मोदी सरकार से गुहार लगा रहा है कि बुजुर्ग माता-पिता को इटली भेजने का इंतजाम किया जाए और शव को भारत लाने के लिए कदम उठाए जाएं। सतनाम सिंह की मौत के बाद इटली में प्रदर्शन भी हुए हैं।

सतनाम सिंह की बुजुर्ग मां जसबीर कौर ने अखबार को बताया कि उनकी बेटे से आखिरी बार 16 जून को फोन पर बात हुई थी। 17 जून को पता चला कि सतनाम सिंह को चोट लग गई है। जिसके बाद 19 जून को सतनाम की मौत की जानकारी मिली। सतनाम सिंह के बारे में इटली की मीडिया ने ये दावा किया है कि उन्होंने शादी कर ली थी, लेकिन परिवार का कहना है कि इस बारे में कोई जानकारी उनको नहीं है। सतनाम सिंह का परिवार दलित है। जिस चांद नावा गांव में सतनाम का परिवार रहता है, वहां कुल 5000 लोग रहते हैं। इनमें बड़ी तादाद में दलित हैं।

Exit mobile version