News Room Post

Corona Crisis: केंद्रीय मंत्री की भाषा सुनकर आप हो जाएंगे हैरान, कहा भाषा ठीक रखो, ऐसा बोलोगे तो दो खाओगे

Prahlad Patel

नई दिल्ली। पूरे देश में कोरोना महामारी ने हाहाकार मचा रखा है। जि तेजी से कोरोना का प्रसार हो रहा है। अस्पतालों की हालत उतनी तेजी से खराब होती जा रही है। ऑक्सीजन की कमी से जूझते लोग हरसंभव कोशिश में लगे रहते हैं कि किसी तरह से उन्हें ऑक्सीजन मुहैया हो पाए और उनके अपनों की जान बचाई जा सके। इसको लेकर लोग अपने स्थानीय प्रतिनिधि से भी गुहार लगाते नजर आते हैं। इस सब के बीच दमोह लोकसभा के सांसद और केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। दरअसल प्रहलाद पटेल को लेकर हाल के दिनों में उनके लोकसभा क्षेत्र में उनके गुमशुदा होने के पोस्टर भी लगाए गए थे। लेकिन प्रहलाद पटेल कोरोना से उपजे हालात के बीच अपने लोकसभा क्षेत्र में पहुंचे।

सोशल मीडिया पर दमोह लोकसभा क्षेत्र के सांसद और केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में केंद्रीय मंत्री पटेल से एक युवक ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था कराने की बात कह रहा है। तभी मंत्री ने युवक से कहा पहले भाषा ठीक रखो, ऐसा बोलोगे तो दो खाओगे। वायरल वीडियो दमोह जिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान का बताया जा रहा है।


बुधवार को केंद्रीय मंत्री दमोह में अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। वीडियो फुटेज के अनुसार केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल दमोह में जिला अस्पताल का निरीक्षण कर रहे थे। तभी एक युवक उनके पास पहुंचा और बोला मां बीमार है। उन्हें ऑक्सीजन सिलेंडर नहीं मिल रहा है। एक घंटे हो गया। लेकिन मिला नहीं। युवक की बात सुन मंत्री पटेल ने कहा पहले भाषा ठीक करो, ऐसा बोलोगे तो दो खाओगे। मंत्री की बात सुन जवाब में युवक ने कहा हां हम दो खाएंगे। हमारी माताजी भी तो खाने के लिए ही पड़ी हैं। बताओ हम क्या करें। 36 घंटे से परेशान हो रहे हैं। ऑक्सीजन सिलेंडर मिला तो वह पांच मिनट ही चला। यदि नहीं दे सकते हैं तो मना कर दें। मंत्री का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोग वीडियो पर अपनी प्रतिक्रिया देकर मंत्री के व्यवहार की निंदा कर रहे हैं।

Exit mobile version