News Room Post

Crime: यूपी के बुलंदशहर में सिरफिरे युवक ने फावड़े से महिला समेत 2 की ली जान, कई की हालत गंभीर

Arrest

बुलंदशहर। यूपी के बुलंदशहर जिले में आज सुबह दिल दहलाने वाली घटना हुई है। यहां के खानपुर थाना इलाके के माजरा परवाना गांव में बलवीर सिंह नाम के एक युवक ने फावड़े से किसानों पर हमला कर दिया। युवक मंदबुद्धि है। फावड़ा लगने से कई लोग घायल हुए। घायलों में से एक महिला समेत 2 की मौत हो गई है। कई किसानों की हालत गंभीर है। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद युवक फावड़ा लेकर वहां काफी देर तक दौड़ता रहा। उसने और राहगीरों को भी निशाना बनाने की कोशिश की। लोग इतने डरे हुए थे कि उसे पकड़ने की हिम्मत कोई नहीं जुटा सका।

बुलंदशहर के एसएसपी संतोष कुमार के मुताबिक घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस की टीम गांव पहुंची और आरोपी को बड़ी मुश्किल से काबू किया जा सका। ग्रामीणों के मुताबिक घटना में और लोग भी घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि मंदबुद्धि युवक घर से ही फावड़ा लेकर निकला था और रास्ते में जो भी मिला, उसे अपना शिकार बनाया। इस मामले में पुलिस किसी भी रंजिश से इनकार कर रही है।

पुलिस के मुताबिक बलवीर सिंह हमले के बाद मौके से भागने लगा। पुलिस ने उसे दौड़ाया और गिरफ्तार किया। पकड़े जाते वक्त भी आरोपी ने पुलिस पर हमला करने की कोशिश की। उसके कपड़े खून से तर थे। घटना के बाद तनाव को देखते हुए पुलिस की कई टीमें गांव में तैनात कर दी गई हैं।

Exit mobile version