नई दिल्ली। मई का महीना चल रहा है गर्मी अपने चरम पर है, बच्चों का भी वेकेशन शुरू हो गया है। ऐसे में अगर आप छुट्टियां बिताने के लिए कुछ ट्रैवल प्लान कर रहे हैं और किसी ऐसी जगह जाना चाहते हैं जहां आपको इस तपती गर्मी से कुछ राहत मिल सके, लेकिन समझ नहीं आ रहा कि कहां जाएं, तो आइये हम आपको देश के अंदर ही कुछ ऐसी जगहों के बारे में बताते हैं, जहां आप कम बजट में एंजॉय कर सकते हैं।
तीर्थन वैली-
इस स्थान की जानकारी काफी कम लोगों को है। ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क से कुछ किलोमीटर की ही दूरी पर स्थित ये जगह उन लोगों को काफी पसंद आएगी, जो कुछ अलग और हटकर देखना पसंद करते हैं। यहां का तापमान पूरे साल 10 डिग्री सेल्सियस से लेकर 25 डिग्री सेल्सियस कर बना रहता है। इसके अलावा, यहां पर आप रिवर क्रॉसिंग, ट्रेकिंग, रॉक क्लाइम्बिंग जैसी कई तरह की एक्टिविटीज भी कर सकते हैं। सुकून और शांति की तलाश कर रहे लोगों को ये जगह काफी पसंद आएगी। इसकी दूरी की बात करें तो नई दिल्ली से एक रात में ही तीर्थन वैली पहुंचा जा सकता है।
तवांग, अरुणाचल प्रदेश-
प्रकृति प्रेमियों को अपनी खूबसूरत मोनेस्ट्री और पिक्चर परफेक्ट सीनरी के लिए जाना जाने वाला अरुणाचल प्रदेश का तवांग शहर, काफी पसंद आता है। गर्मियों के पीक में भी यहां तापमान 5 डिग्री से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच ही रहता है। तो समर वेकेशन के लिए ये जगह एकदम परफेक्ट है।
कसोल-
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में बसे एक छोटे से गांव कसोल के प्राकृतिक दृश्यों को देखने के लिए हर साल देश-विदेश से भारी मात्रा में लोग पहुंचते हैं। ट्रेकर्स, बैगपैकर्स और नेचर लवर्स के लिए ये जगह किसी स्वर्ग से कम नहीं है। यहां पर स्थित मणिकरण गुरुद्वारा, पार्वती नदी, और तोश गांव दर्शनीय हैं। कसोल का अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री रहता है।
चेरापूंजी, मेघालय-
प्रकृति प्रेमियों के लिए चेरापूंजी किसी जन्नत से कम नहीं है। यहां का तापमान पूरे साल 15- 23 डिग्री सेल्सियस तक ही रहता है। यहां के साफ सुथरे गांव और खूबसूरत वॉटरफॉल आपका दिल जीत लेंगे। इसके अलावा यहां आपको डबल डेकर रूट ब्रिज भी देखने को मिलेगा।
कुन्नूर, तमिलनाडु-
तमिलनाडु स्थित ये हिल स्टेशन अपने चाय के बागानों के लिए काफी मशहूर है। एडवेंचर, शांति और खूबसूरत नजारों के लिए मशहूर ये जगह गर्मी की छुट्टियां बिताने के लिए काफी अच्छी मानी जाती है। यहां का तापमान पूरे साल 20-25 डिग्री सेल्सियस के बीच ही रहता है।
औली-
भारत की सबसे ठंडी जगहों में से एक औली के बर्फ से ढ़के पहाड़ दिखने में काफी खूबसूरत लगते हैं। यहां का अधिकतम तापमान भी 25 डिग्री सेल्सियस से कम रहता है। यहां आप स्कीइंग का लुत्फ उठा सकते हैं
मिरिक, वेस्ट बंगाल-
मिरिक, पश्चिम बंगाल का सबसे खूबसूरत हिल स्टेशन माना जाता है। यहां का अधिकतम तापमान 10-20 सेल्सियस तक रहता है। यहां की मिरिक लेक, ऑरेज ऑर्चिड, बुंगकुलुं, चाय के बागान, आदि जगहें देखने योग्य हैं।
गंगटोक-
गंगटोक, भारत के सिक्किम राज्य में स्थित है। अगर आप गर्मी की छुट्टियां बिताने के लिए किसी शांति वाली लोकेशन की तलाश में हैं तो ये आपके लिए बेस्ट है। गर्मियों में भी यहां का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से कम ही रहता है।