News Room Post

India In World Cup: न्यूजीलैंड से जीतकर वर्ल्ड कप में भारत सेमीफाइनल के और करीब, विराट ने दिखाया जौहर तो रोहित शर्मा ने अफरीदी का रिकॉर्ड तोड़ा

virat kohli

नई दिल्ली। भारत ने रविवार को क्रिकेट वर्ल्ड कप में 20 साल पुराना सूखा खत्म करते हुए न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही भारत ने 2019 में हुए वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड से मिली पराजय का बदला भी ले लिया। भारत की तरफ से कप्तान रोहित शर्मा ने 46 और विराट कोहली ने रन चेजर की अपनी छवि बरकरार रखते हुए 95 रन की शानदार पारी खेली। भारत ने अब तक अपने सभी 5 मैच जीते हैं और उसे अब 4 और मैच इस वर्ल्ड कप में खेलने हैं। भारत इसके साथ ही सेमीफाइनल के लिए रास्ता साफ कर चुका है। न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच जीतने के साथ ही भारत के 10 अंक हो गए हैं और वो अब तक के अपने सारे मैच जीतकर अंक तालिका में टॉप पर है। जबकि, न्यूजीलैंड कल मिली हार के बाद भारत से नीचे यानी दूसरे नंबर पर आ गया है। न्यूजीलैंड के 8 अंक हैं।

न्यूजीलैंड ने रविवार को धर्मशाला में हुए मैच में पहले बैटिंग की थी। भारत ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को पहले बैटिंग के लिए कहा था। न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने 273 रन बनाए। भारत की तरफ से मोहम्मद शमी ने 55 रन देकर न्यूजीलैंड पर कहर बरपाते हुए उसके 5 खिलाड़ियों को पैवेलियन भेजा था। 50 ओवर से पहले ही न्यूजीलैंड की पारी सिमट गई थी। इसके बाद भारत की तरफ से कप्तान रोहित शर्मा ने 4 छक्कों की मदद से 46 रन का निजी स्कोर खड़ा किया। वो इसके बाद आउट हो गए। फिर विराट कोहली ने मोर्चा संभाला और 3 नंबर पर बैटिंग करने आए, तो धुआंधार पारी खेली। विराट ने 104 गेंद का सामना किया। कोहली ने अपनी शानदार पारी के दौरान 8 चौके और 2 छक्के भी जड़े। उनका शतक पूरा न होने पर क्रिकेट प्रेमियों ने दुख जताया, लेकिन कोहली का खेल साफ दिखा रहा था कि वो खुद के लिए नहीं, भारत को न्यूजीलैंड पर जीत दर्ज कराने के लिए खेल रहे हैं। विराट कोहली ने अपने जौहर से भारत को जीत दिला भी दी।

उधर, रोहित शर्मा ने पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी का एक कैलेंडर ईयर में वनडे मैचों में छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। रोहित ने एक कैलेंडर ईयर में वनडे मैचों में सबसे ज्यादा छक्के लगाने में तीसरे नंबर के बल्लेबाज का स्थान हासिल किया है। रोहित ने अब तक इस साल वनडे मैचों में 51 छक्के लगाए हैं। शाहिद अफरीदी ने इससे पहले 2002 में 48 छक्के लगाए थे। एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स के नाम है। डिविलियर्स ने साल 2015 में 58 छक्के वनडे मैचों में लगाए थे। वहीं, क्रिस गेल दूसरे नंबर पर है। गेल ने 2019 में वनडे मैच खेलकर 56 छक्के मारे थे।

Exit mobile version