News Room Post

India Beats New Zealand: वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को भारत ने हराया तो जश्न में शामिल हुईं दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद पुलिस, शमी का नाम लेकर देखिए क्या किया

Ind vs NZ

मुंबई। विराट कोहली की रिकॉर्ड 50वीं सेंचुरी, श्रेयस अय्यर के 100 से ज्यादा रन और मोहम्मद शमी के 7 विकेट चटकाने की बदौलत वर्ल्ड कप के पहले सेमीफाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 70 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। इससे फैंस में चरम उत्साह है। जगह-जगह जीत का जश्न मन रहा है। इस जश्न में कूदने से मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद की पुलिस भी पीछे नहीं रही। भारत की जीत के बाद दिल्ली पुलिस की तरफ से मुंबई पुलिस को टैग करते हुए एक्स पर एक पोस्ट किया गया। मुंबई पुलिस ने भी भारत की जीत पर दिल्ली पुलिस की तरफ से किए गए पोस्ट का मजेदार जवाब दिया। वहीं, अहमदाबाद और मुंबई पुलिस के बीच भी भारत की जीत को लेकर मजेदार पोस्ट किए गए। आपको बताते हैं कि तीन राज्यों की पुलिस के बीच किस तरह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके भारत की जीत पर खुशी जताई गई।

सबसे पहले दिल्ली पुलिस ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में 7 विकेट झटकने वाले मोहम्मद शमी का नाम लेकर मुंबई पुलिस को टैग करता हुआ पोस्ट एक्स पर आया। इस पोस्ट में दिल्ली पुलिस ने मजेदार लहजे में पूछा कि मुंबई पुलिस, उम्मीद है आपने आज रात हमला होने पर मोहम्मद शमी के खिलाफ केस नहीं दर्ज किया होगा। इस पर मुंबई पुलिस ने दिल्ली पुलिस को रिप्लाई किया और कहा कि आपने भी तो तमाम दिल चुराने के लिए शमी और उनके साथियों पर आरोप नहीं लगाए हैं। मुंबई पुलिस ने इस पोस्ट में आम लोगों के लिए भी लिखा कि वे इसे गंभीरता से न लें, दोनों पुलिसबल आईपीसी को अच्छे से जानते हैं और मजा लेने के आपके तरीकों पर भरोसा करते हैं। देखिए दिल्ली पुलिस का एक्स पर पोस्ट और उसपर मुंबई पुलिस का जवाब।

इतना ही नहीं, फिर मुंबई पुलिस ने अहमदाबाद पुलिस को टैग करते हुए एक पोस्ट किया कि जीत का रथ अहमदाबाद की ओर है। उम्मीद है कि आप इसका स्वागत करने के लिए तैयार हैं। इस पर अहमदाबाद पुलिस ने तुरंत जवाब दिया और कहा कि हम पूरी तरह तैयार हैं। अहमदाबाद पुलिस के इस जवाब पर मुंबई पुलिस ने मराठी में ‘खूब सरस’ यानी बहुत अच्छा लिखकर रिप्लाई भी किया।

दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद पुलिस के बीच जिस तरह से भारत की जीत पर उत्साह के ये पोस्ट हुए, उसका सोशल मीडिया यूजर्स ने भी खूब मजा लिया। यूजर्स ने तरह-तरह के कमेंट इन पोस्ट पर किए। आप ऊपर दिए गए तीनों ट्वीट्स के रिप्लाई सेक्शन में जाकर यूजर्स के कमेंट देख सकते हैं।

Exit mobile version