News Room Post

Hardik Pandya: गौतम गंभीर के बाद अब हार्दिक पांड्या भी करने वाले हैं घर वापसी!, गुजरात टाइटंस की जगह फिर मुंबई इंडियंस का बनेंगे हिस्सा

hardik pandya 1

नई दिल्ली। 2024 के आईपीएल सीजन के लिए पहले ही गौतम गंभीर ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के मेंटर पद को छोड़कर अपनी पुरानी टीम कोलकाता नाइट राइडर्स यानी KKR को ज्वॉइन कर लिया। अब खबर एक और बड़े क्रिकेटर के बारे में आई है। बताया जा रहा है कि गुजरात टाइटंस से हार्दिक पांड्या घर वापसी करने वाले हैं। यानी हार्दिक एक बार फिर अपनी पुरानी टीम मुंबई इंडियंस की तरफ से आईपीएल का अगला सीजन खेलने मैदान में उतरेंगे। न्यूज चैनल आजतक की खबर के मुताबिक हार्दिक पांड्या के पुरानी टीम में लौटने के बारे में मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच बातचीत हो चुकी है। हार्दिक पांड्या को वापस लेने के लिए मुंबई इंडियंस की तरफ से गुजरात टाइटंस को 15 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। हार्दिक को 2015 में मुंबई इंडियंस ने अपना हिस्सा बनाया था, लेकिन बाद में गुजरात टाइटंस ने उनको ले लिया।

न्यूज चैनल ने खबर में बताया है कि हार्दिक पांड्या को वापस लेने के लिए मुंबई इंडियंस अपनी टीम के कुछ खिलाड़ियों को रिलीज कर सकती है। आईपीएल के 2024 सीजन के लिए खिलाड़ियों को रिटेन यानी अपने साथ रखने के लिए 26 नवंबर शाम 4 बजे तक की समयसीमा है। हार्दिक पांड्या के बारे में आई ताजा खबर के बारे में अभी गुजरात टाइटंस या मुंबई इंडियंस की तरफ से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। हार्दिक पांड्या ने गुजरात टाइटंस की कप्तानी करते हुए टीम को 2022 में आईपीएल का विजेता बनाया था। पहली बार 2022 में गुजरात टाइटंस ने आईपीएल में हिस्सा लिया था। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ फाइनल मैच में हार्दिक प्लेयर ऑफ द मैच भी चुने गए थे। वहीं, 2023 में गुजरात टाइटंस फाइनल में पहुंची थी। जहां चेन्नई सुपर किंग्स ने उसे हराया था।

इस बार वर्ल्ड कप में हार्दिक पांड्या चोटिल हो गए थे। वो सिर्फ 4 मैच ही खेल सके थे। हालांकि, गुजरात टाइटंस के लिए हार्दिक ने 30 पारियां खेलीं और 133.49 की स्ट्राइक रेट और 41.65 के एवरेज से 833 रन बनाए। इसके अलावा गुजरात टाइटंस की तरफ से खेलते हुए हार्दिक पांड्या ने आईपीएल में 11 विकेट भी लिए। इससे पहले हार्दिक पांड्या 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल जीतने वाली मुंबई इंडियंस का हिस्सा रहे। उनको 2015 में मुंबई इंडियंस ने नीलामी में 10 लाख रुपए में खरीदा था। अब सबकी नजर इस पर है कि हार्दिक पांड्या को मुंबई इंडियंस किस भूमिका में रखती है। क्योंकि मुंबई इंडियंस की कप्तानी रोहित शर्मा के पास है और रोहित के नेतृत्व में इस बार वर्ल्ड कप में भारत ने शानदार प्रदर्शन किया है।

Exit mobile version