News Room Post

India Vs Sri Lanka Match: वर्ल्ड कप में आज भारत के लिए अहम मैच, श्रीलंका को पीटकर सेमीफाइनल में पहुंचने का है मौका; जानिए दोनों टीमों के आंकड़े

rohit sharma kusal mendis

मुंबई। वर्ल्ड कप में आज एक बार फिर भारत का अहम मुकाबला है। भारत को आज दोपहर 2 बजे से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में श्रीलंका से मुकाबला करना है। इस मुकाबले के लिए टॉस काफी अहम होगा और दोनों टीमों के कप्तान 1.30 बजे टॉस के लिए सिक्का उछालेंगे। इस बार वर्ल्ड कप में भारत की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया है। अब तक के सभी 6 मैच भारत ने जीते हैं। अंक तालिका में भारत 12 अंक लेकर दूसरे नंबर पर है। भारत ने अब तक वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और बांग्लादेश की टीमों को हराया है। वहीं, श्रीलंका अब तक सिर्फ इंग्लैंड और नीदरलैंड को हराकर 2 मैच ही जीत सका है। श्रीलंका को दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान से हार मिली है।

श्रीलंका को आज अगर भारत हराता है, तो वर्ल्ड कप में प्रतिद्वंद्वी पर जीत की उसकी हैट्रिक होगी। अगर वर्ल्ड कप में भारत और श्रीलंका के बीच अब तक हुए मुकाबलों को देखें, तो दोनों ही टीमें बराबरी पर हैं। श्रीलंका ने भारत पर 1979, 1996 में 2 बार और फिर 2007 में जीत हासिल की थी। वहीं, भारत ने श्रीलंका को वर्ल्ड कप में 1999, 2003, 2011 और 2019 में हराया था। इस तरह दोनों ही टीमें एक-दूसरे से 4-4 बार वर्ल्ड कप में जीती हैं। वर्ल्ड कप में भारत और श्रीलंका का 1 मैच टाई रहा था। अब भारत और श्रीलंका के बीच वनडे फॉर्मेट के मैचों का आंकड़ा भी आपको बताते हैं। भारत और श्रीलंका ने अब तक 54 वनडे मैच खेले हैं। इनमें भारत का पलड़ा भारी रहा है। उसने श्रीलंका को वनडे मैचों में 39 बार हराया है। जबकि, श्रीलंका ने भारत पर सिर्फ 12 वनडे मैचों में जीत हासिल की। दोनों के बीच 3 मैच बेनतीजा रहे हैं। इस तरह आज भारत के पास पूरा मौका है कि वो श्रीलंका को पीटकर सेमीफाइनल में एंट्री करे। दक्षिण अफ्रीका कल ही न्यूजीलैंड को बड़े अंतर से हराकर वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है।

भारत और श्रीलंका के बीच आज होने वाले मुकाबले को आप स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर देख सकते हैं। डीडी डिश पर आने वाले डीडी स्पोर्ट्स चैनल पर भी भारत और श्रीलंका का मैच देखा जा सकता है। डिज्नी हॉटस्टार पर भी आप मैच देख सकते हैं। खास बात ये कि मोबाइल पर आप मुफ्त में मैच का मजा ले सकते हैं। इसके लिए कोई सब्सक्रिप्शन नहीं लगेगा। बस आपका इंटरनेट डेटा खर्च होगा। बाकी टीवी वगैर पर देखने के लिए सब्सक्रिप्शन लेना होगा।

Exit mobile version