News Room Post

महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास पर कोहली, सचिन ने कही ये बात

नई दिल्ली। दुनिया के महानतम कप्तानों में गिने जाने वाले महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) ने शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट (International Cricket) को अलविदा कह दिया। धोनी ने आधिकारिक सोशल मीडिया के जरिए संन्यास की घोषणा की है। हालांकि धोनी आईपीएल खेलते रहेंगे, लेकिन अब धोनी को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में नहीं देख पाएंगे। धोनी ने आखिरी बार पिछले साल इंग्लैंड में खेले गए विश्व कप में सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना आखिरी मैच खेला था।

बीसीसीआई ने भी एक बयान जारी कर इस बात की पुष्टि कर दी है। बीसीसीआई ने एक बयान में कहा, “भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से अपने संन्यास का ऐलान कर दिया। रांची के एक लड़के ने 2004 में वनडे पदार्पण किया था और फिर अपने शांत स्वाभाव, खेल की तेज समझ और अपनी नेतृत्व क्षमता से भारतीय क्रिकेट का चेहरा बदल दिया।”

बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा, यह एक युग का अंत है। वह विश्व क्रिकेट और भारत के लिए शानदार खिलाड़ी रहे हैं। उनकी नेतृत्वक्षमता कीबराबरी करना काफी मुश्किल है, खासकर छोटे प्रारूपों में।”

भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने कहा, ”हर क्रिकेटर को एक दिन अपने सफर का अंत करना होता है. लेकिन जब आप किसी को बेहद करीब से जानते हों और वह ये फैसला लेता है तो आप बहुत ज्यादा इमोशनल महसूस करते हैं। आपने देश के लिए जो किया है वो हमेशा हमारे दिलों में रहेगा।”

तुम्हारे साथ विश्व कप जीतना मेरी जिंदगी का सबसे अच्छा पल : सचिन

सचिन तेंदुलकर ने इस मौके पर धोनी को याद किया और दूसरी पारी के लिए शुभकामनाएं दीं। सचिन का विश्व कप जीतने का सपना धोनी की कप्तानी में ही 2011 में पूरा हुआ था और सचिन ने इसलिए इस पल को अपना सबसे अच्छा पल बताया है।

सचिन ने धोनी के संन्यास पर ट्वीट करते हुए लिखा, “भारतीय क्रिकेट में आपका योगदान बहुत बड़ा है धोनी। आपके साथ 2011 विश्व कप जीतना मेरे जीवन का सबसे अच्छा पल है। आपको और आपके परिवार को दूसरी पारी के लिए शुभकामनाएं।”

हार्दिक पांड्या ने ट्वीट करते हुए कहा कि यहां सिर्फ एक ही एमएस धोनी है। मेरे करियर में सबसे बड़ी प्रेरणा बनने के लिए मेरे दोस्त और बड़े भाई को धन्यवाद। नीली जर्सी में आपके साथ खेलना याद आएगा, लेकिन मुझे यकीन है कि आप हमेशा मेरे लिए रहेंगे और मुझे गाइड करते रहेंगे।

भारतीय स्पिनर आर अश्विन ने कहा, ”हमेशा की तरह लीजेंड अपने स्टाइल में रिटायर होते है। महेंद्र सिंह धोनी भाई आपने देश के लिए सब कुछ दिया।चैंपियंस ट्रॉफी, 2011 विश्व कप और चेन्नई सुपर किंग्स की आईपीएल की जीत हमेशा मेरी यादों में रहेगा। भविष्य के लिए आपको शुभकामनाएं।

धोनी ने पहले ही टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। उन्होंने अपना आखिरी अंतर्राष्ट्रीय मैच पिछले साल 2019 में इंग्लैंड में खेले गए विश्व कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। तब से वह टीम से बाहर चल रहे थे और उनके संन्यास की अटकलें तेज थी। उम्मीद थी की धोनी आस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 विश्व कप में खेलेंगे लेकिन कोविड-19 के कारण इसे टाल दिया गया था।

धोनी की कप्तानी में भारत ने टी-20 विश्व कप-2007 जीता और 28 साल बाद 2011 में भारत को वनडे विश्व कप दिलाया। इसके अलावा धोनी ने अपनी कप्तानी में भारत को चैम्पियंस ट्रॉफी दिलाई और टेस्ट में टीम को नंबर-1 बनाया। धोनी दुनिया के इकलौते कप्तान थे जिन्होंने आईसीसी के सभी टूनार्मेंट्स- टी-20 विश्व कप, वनडे विश्व कप और चैम्पियंस ट्रॉफी जीती।

Exit mobile version