News Room Post

Lata Mangeshkar Death: लता मंगेशकर के निधन पर खेल जगत में भी छाया मातम, विराट-सहवाग समेत कई खिलाड़ियों ने दी श्रद्धांजलि

collage

नई दिल्ली। देश की स्वर कोकिला, भारत रत्न, गायिका लता मंगेशकर के निधन पर पूरा देश शोकमय है। जहां सभी छोटी-बड़ी हस्तियां सोशल मीडिया पर अपना दुख प्रकट कर रही हैं, लोग उनकी तस्वीरें और गाने शेयर कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं, वहीं भारतीय क्रिकेटर्स ने भी महान गायिका के निधन पर शोक जताया है। भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली (Virat kohli) ने ट्वीट कर लता दीदी की मृत्यु पर शोक जताते हुए लिखा, ‘लता जी के निधन के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। उनके मधुर गीतों ने दुनिया भर में लाखों लोगों के दिलों को छुआ। आपके द्वारा दिए गए सभी संगीतों और यादों के लिए धन्यवाद, परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना।’

किसी दौर में क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने भी ट्वीट कर लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा,” मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं, कि मैं लता दीदी के जीवन का हिस्सा बना। उन्होंने हमेशा मुझ पर अपना प्यार और आशीर्वाद बनाए रखा। उनके जाने से ऐसा लग रहा है, जैसे मैंने अपना एक हिस्सा खो दिया हो। वह हमेशा अपने संगीत के जरिये हमारे दिलों में जीवित रहेंगी।

पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने भी स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर के निधन पर दुख जताया, उन्होंने भी ट्वीट कर लिखा, ‘भारत की कोकिला, एक ऐसी आवाज जो दुनिया भर में गूंजती है,  इस आवाज ने दुनिया के लाखों लोगों को खुशी दी है। आज वो दुनिया को अलविदा कह गईं।  उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है, ओम शांति!’

 

पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने भी ट्वीट कर लिखा, “एक युग का अंत, अनगिनत यादें देने के लिए आपका धन्यवाद, RIP”

 

वहीं क्रिकेटर अजित रहाने ने लिखा, भारत ने आज अपनी स्वर कोकिला को खो दिया, इस मुश्किल घड़ी में हमारी दुआएं लता दीदी के परिवार के साथ हैं, हम दुखी हैं, ओम शांति!

विदित हो, 92 वर्ष की लता मंगेशकर को कोरोना संक्रमित होने के कारण 8 जनवरी को मुंबई स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, तब से उनका इलाज चल रहा था। अपनी इस बीमारी से लड़ते हुए रविवार, 6 फरवरी 2022 यानि आज सुबह करीब 8 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। इस स्वर साम्राज्ञी ने अपनी गायन क्षमता से दुनिया के लाखों दिलों पर राज किया। उनके गाए हुए मधुर गीत अमर रहे है।

बता दें, कि लता मंगेशकर का जन्म 28 सितंबर, 1929  को एक मध्यमवर्गीय मराठी परिवार में हुआ था। मध्य प्रदेश राज्य के इंदौर शहर में जन्म लेने वाली लता पंडित दीनानाथ मंगेशकर की बड़ी बेटी थीं। पहले उनका नाम ‘हेमा’ रखा गया था, मगर जन्म के पांच साल बाद माता-पिता ने इनका नाम बदलकर ‘लता’ रख दिया।

Exit mobile version