News Room Post

BCCI अध्यक्ष और टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को पड़ा दिल का दौरा, अस्पताल में हुए भर्ती

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष और टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) को दिल का दौरा पड़ा है। जिसके बाद उन्हें कोलकाता (Kolkata) के वुडलैंड्स हॉस्पिटल (Woodland Hospital) में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक जिम में एक्सरसाइज करते वक्त सौरव गांगुली को अचानक सीने में तेज दर्द उठा, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में एडमिट किया गया है। शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार उन्हें दिल का दौरा पड़ा है और एंजियोप्लास्टी से गुजरना होगा। उनके परिवार के एक करीबी सूत्र ने जानकारी दी है कि गांगुली की स्थिति स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं।

वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (CM Mamata Banerjee) ने सौरव गांगुली के जल्द स्वस्थ होने की कामना की हैं। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, ‘सौरव गांगुली के बारे में सुनकर दुख हुआ कि उन्हें हल्का कार्डियक अरेस्ट हुआ है। मैं उनके जल्द सेहतमंद होने की दुआ करती हूं। मेरी प्रार्थना उनके और उनके परिवार के साथ है।’

बीसीसीआई, जय शाह ने गांगुली के जल्द स्वास्थ होने की कामना की

बीसीसीआई ने अपने अध्यक्ष सौरव गांगुली के जल्दी स्वस्थ होने की कामना की है। बीसीसीआई सचिव जय शाह ने भी गांगुली के लिए दुआ की है। जय शाह ने ट्वीट किया, मैं सौरव गांगुली के जल्दी स्वास्थ होने की कामना करता हूं। मैंने उनके परिवार से बात की है। दादा की तबीयत स्थिर है और वह अच्छी तरह से इलाज करा रहे हैं।

टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली, शिखर धवन, पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने गांगुली के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

Exit mobile version