News Room Post

Dubai: मैडम तुसाद म्यूजियम में लगा कोहली का पुतला, हाथ में बल्ला थामे नजर आए विराट

नई दिल्ली। जब मैदान में खिलाड़ी नर्वस हो चुके होते हैं। बल्लेबाजी कर रहे खिलाड़ियों को कुछ समझ नहीं आ रहा होता है। लगातार विरोधी टीम की झोली में विकेट की बौछार हो रही होती है। दर्शक दीर्घा में बैठे दर्शकों के चेहरे मायूसी में सिमट जाते हैं। ऐसा लगने लगता है कि मानो अब तो मैच हाथ से निकल चुका है। अब तो चाहकर भी कुछ नहीं किया जा सकता है। बल्लेबाजी कर रहे खिलाड़ियों की उम्मीदें टूट चुकी होती हैं, लेकिन  उस खिलाड़ी की एंट्री होते ही दर्शक दीर्घा में दर्शकों को तो आप छोड़ ही दीजिए, बल्कि पूरी टीम को एक नई उम्मीद और जज्बा मिलता है। उम्मीद इस बात की कि अब तो कुछ अच्छा होगा और जज्बा इस बात का कि अब मिलेगा विरोधी टीम को मुंहतोड़ जवाब। क्या आप समझें कि हम किस खिलाड़ी की बात कर रहे हैं। हम बात कर रहे हैं, भारतीय टीम के कप्तान और हम सबके चहेते खिलाड़ी विराट कोहली की। जी हां.. वही विराट कोहली जो अब टी-20 कप्तान से विराम लेने का मन बना चुके हैं। वही विराट कोहली जो हर परिस्थितियों को अपने अनुकूल कर लेते हैं। वही विराट जो अपने विरोधी टीम को पूरे सूझबूझ के साथ मुंहतोड़ जवाब देना जानते हैं।

अब इसी विराट कोहली को लेकर खबर है कि इनका दुबई में एक विशाल पुतला बनाया गया है। यह पुतला इनकी शानदार व्यक्तित्व की एक बानगी है। हाथ में बल्ला और क्रिकेट के प्रति इनकी दिवानगी इस पुतले से साफ जाहिर हो रही है। दुबई में बने इस पुतले की तस्वीर अभी सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रही है। लोग इस पर अलग-अलग तरह से अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते नजर आ रहे हैं। दुबई में यह पुतला उनके प्रशंसा के रूप में निर्मित किया गया है।

इससे पहले भी कई भारतीय खिलाड़ियों के पुतले अन्य देशों में निर्मित किए जा चुके हैं, जिसमें सचिन तेंदुलकर समेत कई अन्य खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं। विराट की शानदारी पारी को ध्यान में रखते हुए किसी विदेशी सरजमीं पर उनका पुतला बनाया गया है। यकीनन किसी विदेशी सरजमीं पर हमारे खिलाड़ियों को इतना सम्मान दिया जा रहा है, तो यह हम सभी के लिए गर्व की बात है। आइए, इसी बहाने आगे उनकी हालिया पारियों के बारे में जानते हैं।

अभी हाल ही में विराट कोहली ने टी-20 की कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया है। विराट  द्वारा कप्तानी छोड़ने के बाद रोहित शर्मा को टी-20 भारतीय टीम का कप्तान बनाए जाने की खबर है। वर्तमान में वे उप कप्तान की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। अपनी कप्तानी छोड़ने की वजह साझा करते हुए उन्होंने कहा कि ज्यादा जिम्मेदारी होने की वजह से वे अपने खेल पर ध्यान नहीं दे पा रहे हैं, लिहाजा उन्होंने अब अपने वर्क लोड को कम करने के मकसद से कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया है। यकीनन, उनके इस ऐलान के बाद से उनके प्रशंसकों को बड़ा झटका लगा है।

सोशल मीडिया पर लोग उनके समर्थन में उतर आए और उनसे कप्तानी छोड़ने की पीछे की वजह जानने के लिए आतुर हो गए, जिस पर उन्होंने कहा कि ज्यादा वर्क लोड होने की वजह से वे अपने खेल पर ध्यान नहीं दे पा रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि वे काफी लंबे समय से कप्तानी करते आ रहे हैं। अब वे चाहते हैं कि इस भूमिका का निर्वहन टीम के किसी दूसरे खिलाड़ी को दिया जाए। अब आगे चलकर विराट कोहली किस फॉर्म में नजर आते हैं। उनकी आगे की प्लानिंग क्या रहती है। यह तो फिलहाल आने वाला वक्त ही बताएगा।

Exit mobile version