News Room Post

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद किसानी, ग्लोबल स्कूल, एकेडेमी, ये है धोनी का प्लान!

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे सफलतम कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 15 अगस्त को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया। हालांकि टेस्ट क्रिकेट से उन्होंने पहले ही संन्यास ले लिया था लेकिन अब उन्होंने बाकी बचे फॉरमेट से भी खुद को दूर कर लिया है। फिलहाल वो आईपीएल में दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करते रहेंगे।

धोनी के संन्यास लेने के बाद सबको दिलचस्पी है जानने में कि आखिर अब धोनी करेंगे क्या? ऐसे में एबीपी न्यूज की मानें तो धोनी के कई प्लान्स हैं। वो आने वाली पीढ़ियों को क्रिकेट के लिए तैयार भी करेंगे और किसानी में हाथ आजमाएंगे। मिली जानकारी के मुताबिक संन्यास के बाद भी धोनी का क्रिकेट से जुड़ाव खत्म नहीं होने वाला।

वहीं इसके अलावा धोनी किसानी के क्षेत्र में भी हाथ आजमाएंगे। धोनी ‘नियो ग्लोबल फ़र्टिलाइज़र’ नाम का एक नया ब्रांड बाजार में लाने जा रहे हैं। इसके लिए कई राज्य सरकारों के साथ भी धोनी की बातचीत चल रही है। इस ब्रांड के जरिए खेती से जुड़े जरूरी उपकरणों और अन्य उत्पादों को वह गांव-गांव में किसानों तक पहुंचाएंगे।

इसके साथ ही बच्चों को फ्री में शिक्षा देने के उद्देश्य से धोनी ग्लोबल स्कूल भी बना रहे हैं। इस स्कूल के जरिए वह देशभर के प्रतिभावान छात्र और छात्राओं को मुफ़्त शिक्षा भी देना चाहते है। इस स्कूल पर अभी काम जारी है।

इतना ही नहीं, अपने सबसे बड़े जुनून यानी क्रिकेट को बढ़ावा देने और नई प्रतिभाओं को मौका देने के लिए एमएस धोनी क्रिकेट एकेडेमी भी अलग-अलग शहरों में चला रहे हैं। इस एकेडमी के जरिए धोनी छोटे शहरों से और भी बड़े खिलाड़ियों का टीम इंडिया तक पहुंचाने की योजना बना रहे हैं।

बता दें कि धोनी के संन्यास लेने पर क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने इस मौके पर धोनी को याद किया और दूसरी पारी के लिए शुभकामनाएं दीं। सचिन का विश्व कप जीतने का सपना धोनी की कप्तानी में ही 2011 में पूरा हुआ था और सचिन ने इसलिए इस पल को अपना सबसे अच्छा पल बताया है। सचिन ने धोनी के संन्यास पर ट्वीट करते हुए लिखा, “भारतीय क्रिकेट में आपका योगदान बहुत बड़ा है धोनी। आपके साथ 2011 विश्व कप जीतना मेरे जीवन का सबसे अच्छा पल है। आपको और आपके परिवार को दूसरी पारी के लिए शुभकामनाएं।”

वहीं बीसीसीआई ने एक बयान में कहा, “भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से अपने संन्यास का ऐलान कर दिया। रांची के एक लड़के ने 2004 में वनडे पदार्पण किया था और फिर अपने शांत स्वाभाव, खेल की तेज समझ और अपनी नेतृत्व क्षमता से भारतीय क्रिकेट का चेहरा बदल दिया।”

इसके अलावा बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा, यह एक युग का अंत है। वह विश्व क्रिकेट और भारत के लिए शानदार खिलाड़ी रहे हैं। उनकी नेतृत्वक्षमता कीबराबरी करना काफी मुश्किल है, खासकर छोटे प्रारूपों में।”

भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने कहा, ”हर क्रिकेटर को एक दिन अपने सफर का अंत करना होता है. लेकिन जब आप किसी को बेहद करीब से जानते हों और वह ये फैसला लेता है तो आप बहुत ज्यादा इमोशनल महसूस करते हैं। आपने देश के लिए जो किया है वो हमेशा हमारे दिलों में रहेगा।”

Exit mobile version