News Room Post

Firing In US: अमेरिका के लास वेगास में पार्टी के दौरान विवाद के बाद फायरिंग, 13 लोग घायल, 1 की मौत

firing

लास वेगास। अमेरिका के लास वेगास में आज एक हुक्का पार्लर में गोलीबारी की घटना हुई है। गोली 14 लोगों को लगी। इससे एक शख्स मारा गया और 2 गंभीर रूप से घायल हैं। लास वेगास के पुलिस प्रमुख डोरी कोरेन ने बताया है कि स्थानीय समय के मुताबिक लगभग साढ़े 3 बजे एक पार्टी के दौरान पहले कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर एक ने बंदूक से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है। गोलीबारी की घटना के बाद लास वेगास में सनसनी फैल गई। पुलिस की कई गाड़ियां जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचीं। सभी घायलों को अस्पताल में दाखिल कराया गया।

कुछ दिन पहले ही अमेरिका के वॉशिंगटन में फायरिंग हुई थी। उस घटना में कई लोग मारे गए थे। अमेरिका में बंदूक रखना कानून के तहत काफी सहज है और इस वजह से वहां आए दिन गोलीबारी की खबरें मिलती हैं। राष्ट्रपति रहने के दौरान डोनल्ड ट्रंप ने बंदूक रखने के कानून में संशोधन की बात कही थी, लेकिन उस दिशा में कोई काम अब तक नहीं हुआ। सत्ता संभालने से पहले बाइडेन ने भी कहा था कि अमेरिका में बंदूकबाजों पर लगाम कसी जाएगी, लेकिन सरकार को आए एक साल से ज्यादा समय होने के बाद भी कुछ नहीं किया गया है।

अमेरिका में हथियार रखना काफी आसान होता है। यहां दुकान से हथियार खरीदने के वक्त ही लाइसेंस बन जाता है। साथ ही हर व्यक्ति कई हथियार भी रख सकता है। यहां हालत ये है कि सुपरस्टोर में भी हथियार और गोलियां मिल जाती हैं। यहां लोग खतरनाक ऑटोमैटिक हथियार भी रख सकते हैं। शायद ही अमेरिका में कोई घर होगा, जहां के लोगों के पास हथियार न हों। यहां तक कि स्कूलों में भी छात्र कई बार पिस्टल या रिवॉल्वर ले जाकर गोलीबारी कर चुके हैं।

Exit mobile version