News Room Post

Farmers Protest: Greta Thunberg टूलकिट मामले में दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बेंगलुरु से हुई पहली गिरफ्तारी

Disha ravi Arrested

नई दिल्ली। केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन लगातार जारी है। इस बीच पर्यावरण एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग मामले में बड़ी खबर सामने आ रही है। बता दें कि दिल्ली पुलिस ने पर्यावरण एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग (Swedish environmental activist Greta Thunberg) के द्वारा भारत के खिलाफ किसान आंदोलन की आड़ में रची गई साजिश को लेकर FIR दर्ज की थी। ग्रेटा पर धारा 153A और 120B के तहत दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज किया। इसके बाद भी ग्रेटा ने ट्वीट करते हुए लिखा कि वह इस आंदोलन का समर्थन करती रहेंगी और वह इस तरह से डरने वाली नहीं हैं।

इसी कड़ी में ग्रेटा थनबर्ग टूलकिट केस में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई की है। दरअसल दिल्ली स्पेशल सेल ने बेंगलुरु से 21 साल की क्लाइमेट एक्टिविस्ट दिशा रवि को गिरफ्तार किया है। आपको बता दें कि  ग्रेटा थनबर्ग टूलकिट मामले में यह पहली गिरफ्तारी है। दिशा पर आरोप है कि उन्होंने गणतंत्र दिवस को हुई ट्रैक्टर रैली को लेकर साइबर स्ट्राइक के लिए बनाई गई टूलकिट को एडिट किया था, इतना ही नहीं उसमें कुछ चीज़ें जोड़ी और उसके आगे सर्कुलेट भी किया था।

पुलिस के अनुसार, 26 जनवरी के आसपास किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई घटनाओं, जिसमें लाल किले के पास हिंसा भी शामिल है, इन सबका टूलकिट में विस्तृत रूप से ‘एक्शन प्लान’ के तौर पर जिक्र है।

बता दें कि पर्यावरण एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग के द्वारा किसान आंदोलन को समर्थन की पूरी खोल भी उनके ट्वीट से ही खुल गई थी। अपने ट्वीट के नीचे एक और ट्वीट करते हुए भारत को बदनाम करने की साजिश रच रही इस पर्यावरण एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग ने एक टूलकिट का लिंक शेयर किया था जिसमें उसने लिखा है कि आप कैसे इस प्रोपेगेंडा को ज्यादा प्रभावी तरीके से सामने रख सकेंगे। इसके बारे में उसने उसमें पूरे विस्तार से बताया।

 

Exit mobile version