News Room Post

Afghanistan: तालिबान की क्रूरता आई सामने, बच्चों के सामने गर्भवती महिला पुलिसकर्मी को दी मौत, चेहरा भी किया क्षत-विक्षत

नई दिल्ली। अफगानिस्तान में तालिबान की वापसी से महिलाएं सबसे ज्यादा प्रभावित हुई है। खास तौर पर महिलाएं तालिबान के निशाने पर हैं। इस बीच खबर है कि अफगानिस्तान के मध्य घोर प्रांत में तालिबान आतंकवादियों ने कथित तौर पर एक महिला पुलिस अधिकारी की हत्या कर दी। घटना को लेकर परिवार के सदस्यों का कहना है कि उसका चेहरा भी क्षत-विक्षत कर दिया गया है।

कहा जा रहा है जिस महिला के साथ तालिबानियों द्वारा क्रूरता कर मौत दी गई है वो स्थानीय जेल में काम करती थी। महिला के आठ महीने की गर्भवती होने की भी बात कही जा रही है। एक रिपोर्ट के अनुसार तालिबानियों ने महिला को उसके बच्चों और पति के सामने ही मौत के घाट उतारा। मृतक पुलिसकर्मी की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। तस्वीरों में महिला का शरीर पूरा खून में लथपथ है और जमीन पर है। बता दें, अफगानिस्तान पर कब्जे के साथ ही तालिबान खुद को नरम दिल दिखाने की कोशिश कर रहा है लेकिन जो तस्वीरें सामने आ रही है वो तो कुछ और ही बयां कर रही है।

काबुल में महिलाओं का विरोध प्रदर्शन

बीते दिन तालिबान शासन के विरोध में और अपने अधिकारों के लिए महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया था। हालांकि इस दौरान महिलाओं को आतंकी समूह के लड़ाकों का दुर्व्यवहार झेलना पड़ा। तालिबानियों ने प्रदर्शनकारियों को राष्ट्रपति भवन जाने से रोका। इस दौरान महिलाओं पर आंसू गैस हमला भी किया गया।

Exit mobile version