News Room Post

Pakistan: महिलाओं के लिए नरक बना इमरान का नया पाकिस्तान, एक और घटना से महिला सुरक्षा की खुली पोल (वीडियो)

lahore

इस्लामाबाद। इमरान खान ने पाकिस्तान का पीएम पद संभालने के बाद नया पाकिस्तान बनाने का वादा किया था। उनका ये नया पाकिस्तान अल्पसंख्यक समुदाय के साथ ही महिलाओं के लिए भी नरक बन गया है। 14 अगस्त को मीनार-ए-पाकिस्तान पर भीड़ ने महिला टिकटॉकर के कपड़े फाड़ दिए थे। अब एक और महिला के सार्वजनिक जगह पर उत्पीड़न की खबर आई है। जानकारी के मुताबिक लाहौर में दो महिलाएं रिक्शे पर जा रही थीं। इनके साथ बच्चा भी था। महिलाओं का दो बाइक सवारों ने पीछा किया। लगातार दोनों महिलाओं से छेड़छाड़ होती रही। कहा जा रहा है कि महिलाएं खुद को इन वहशियों से बचाने के लिए चीखीं, लेकिन किसी ने भी इनकी मदद नहीं की। यह घटना भी पाकिस्तान की आजादी के दिन की ही बताई जा रही है। इस घटना की खबर सामने आने के बाद लोग भड़के हुए हैं। तमाम लोगों ने सरकार से शोहदों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

लोगों का कहना है कि पाकिस्तान में ज्यादातर लोगों का नैतिक पतन हो चुका है। बता दें कि महिला टिकटॉकर ने भी आरोप लगाया था कि जब भीड़ उनके कपड़ों को नोच रही थी, तो किसी ने भी उनको बचाने की कोई कोशिश नहीं की। करीब ढाई घंटे तक उनसे बदसलूकी होती रही और पुलिस भी नहीं आई।

इससे पहले पाकिस्तान में अल्पसंख्यक हिंदू, सिख और ईसाई युवतियों को जबरन अगवा कर निकाह करने की खबरें आती रही हैं, लेकिन अब बहुसंख्यक मुस्लिम समाज की युवतियों और महिलाओं से भी बदसलूकी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इमरान खान हमेशा कहते हैं कि उनकी सरकार हर हाल में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाएगी, लेकिन हकीकत में सरकार की तरफ से अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया है।

Exit mobile version