News Room Post

Modi In USA: ‘तकनीकी हो या क्वॉड, भारत-अमेरिका रिश्ते लगातार गहरे हो रहे’, उप राष्ट्रपति कमला हैरिस के भोज में बोले पीएम मोदी

modi in usa 1

वॉशिंगटन। पीएम नरेंद्र मोदी अमेरिका के दौरे पर हैं। मोदी को अमेरिका की उप राष्ट्रपति कमला हैरिस और विदेश सचिव एंटनी ब्लिंकेन की तरफ से शुक्रवार को भोज दिया गया। इस मौके पर पीएम मोदी ने अमेरिका और भारत के रिश्तों पर तो चर्चा की ही, कमला हैरिस और ब्लिंकेन के निजी जीवन पर भी अहम बातें कहीं। मोदी ने याद किया कि वो जब 2014 में बतौर पीएम अमेरिका आए थे, तब अमेरिकी विदेश विभाग में रहे जो बाइडेन ने उनसे मुलाकात में कहा था कि भारत और अमेरिका के रिश्ते नए क्षितिज पर हैं और ऊंचाई की तरफ इनके बढ़ने की प्रबल संभावना है।

मोदी ने कहा कि पिछले 9 साल में भारत और अमेरिका के रिश्ते नई ऊंचाई पर पहुंच गए हैं। तकनीकी हो, सेमी कंडक्टर हो, क्वॉड हो या आई2 यू2 के जरिए संबंध बढ़ाने हों, हम लगातार आगे बढ़ रहे हैं। मोदी ने कहा कि आज सभी ये कहते हैं कि अमेरिका और भारत के बीच रिश्ते ऐसे ही बढ़ने चाहिए। मोदी ने खुद को उप राष्ट्रपति कमला हैरिस की तरफ से भोज दिए जाने पर धन्यवाद दिया और उनके साथ ड्रिंक टोस्ट किया। मोदी ने कमला हैरिस की मां श्यामला गोपालन को भी इस दौरान याद किया। मोदी ने कहा कि श्यामला जी ने अमेरिका आने के बाद भी कभी भी अपने बच्चों और खुद का भारत से नाता नहीं तोड़ा। उन्होंने कमला हैरिस की भी जमकर तारीफ की।

मोदी ने इस मौके पर अमेरिकी विदेश सचिव एंटनी ब्लिंकेन को भी धन्यवाद दिया। मोदी ने कहा कि ब्लिंकेन ने भारत और अमेरिका के बीच रिश्तों को मजबूत करने के लिए बहुत काम किया है। मोदी ने ब्लिंकेन के एक और छिपे पक्ष को भी उजागर किया। उन्होंने कहा कि लंबी यात्राओं और विदेश जैसा अहम विभाग संभालने के बाद भी एंटनी ब्लिंकेन म्यूजिक यानी संगीत के बहुत शौकीन हैं। अपने इस शौक को वो पूरा भी करते रहते हैं।

Exit mobile version