News Room Post

Cleaveland Shooting: अमेरिका के क्लीवलैंड में शख्स ने पड़ोसी के घर में घुसकर की फायरिंग, 8 साल के बच्चे समेत 5 की मौत

us texas shooting

क्लीवलैंड। अमेरिका के टेक्सास राज्य के क्लीवलैंड में एक शख्स ने पड़ोसियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। शनिवार को हुई इस खौफनाक वारदात में 5 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 8 साल का एक बच्चा भी है। मीडिया की खबरों के मुताबिक हमलावर अपने आंगन में फायरिंग कर रहा था। तब पड़ोसी अपने बच्चे को सुलाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने फ्रांसिस्को ओरोपेज नाम के आरोपी से फायरिंग बंद करने को कहा। इसके बाद उसने पड़ोसी के घर में घुसकर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक फ्रांसिस्को अभी फरार है। पुलिस का कहना है कि फ्रांसिस्को ओरोपेज मूल रूप से मेक्सिको का निवासी है।

क्लीवलैंड में फायरिंग कर 5 लोगों की जान लेने का आरोपी फ्रांसिस्को।

पुलिस अफसरों ने मीडिया को बताया कि स्थानीय समय के मुताबिक रात करीब 11 बजे वारदात की जानकारी मिली। मौके पर पुलिस पहुंची, तो 8 साल के बच्चे, 3 महिलाओं और 1 पुरुष के गोलियों से छलनी शव मिले। वारदात के वक्त घर में 10 लोग थे। बताया जा रहा है कि फायरिंग कर रहा फ्रांसिस्को शराब के नशे में धुत था। उसने पहले लोगों से बहस की और फिर बंदूक चलाने लगा। पुलिस ने फ्रांसिस्को की तलाश में कई टीमें लगाई हैं। इलाके के लोगों को घर से बाहर न निकलने की चेतावनी भी दी गई है।

बताया जा रहा है कि फ्रांसिस्को ओरोपेज करीब-करीब हर रोज ही फायरिंग करता था। उससे आसपास के लोग परेशान थे। घटना के दिन भी लोगों को गंभीरता का अहसास नहीं हुआ। देर रात फायरिंग की आवाज आने से लोगों ने यही सोचा कि हर दिन की तरह फ्रांसिस्को फायरिंग कर रहा है। लोगों का कहना है कि फ्रांसिस्को के खिलाफ पुलिस से कई बार शिकायत भी की गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई कदम नहीं उठाया। अब पुलिस इस मामले में लोगों की मौत के बाद कार्रवाई कर रही है। लोग डरे हुए हैं कि फ्रांसिस्को तैश में आकर किसी और को भी गोली मार सकता है।

Exit mobile version