News Room Post

Russis-Ukraine War: रूस पर भारत के रुख को लेकर जापान के पूर्व PM का बड़ा बयान, कहा- हर हाल में इंडिया को…

नई दिल्ली। रूस के यूक्रेन पर हमले को लेकर भारत के स्वतंत्र और निष्पक्ष रुख के कारण अमेरिका तिलमिलाया हुआ है और भारत को धमकियां दे रहा है। इसके अलावा क्वॉड (QUAD) के सभी सदस्य देशों में से भारत ही इकलौता ऐसा देश है जो रूस-यूक्रेन युद्ध पर निष्पक्ष रुख अपनाए हुए है। इसके चलते अमेरिका और पश्चिमी देश लगातार भारत पर दबाव बना रहे हैं कि भारत भी रूस के खिलाफ आपत्ति जताए। अब क्वॉड के सदस्य देश जापान के पूर्व प्रधानमंत्री योशीहिदे सुगा ने भी रूसी हमले को लेकर भारत के रुख पर टिप्पणी की है। सुगा ने कहा कि रूसी हमले की निंदा नहीं करने की भारत की इच्छा के बावजूद क्वॉड देश अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया को यही कोशिश करनी चाहिए कि भारत उनके पाले में ही रहे।

जापान की फूजी टीवी के एक कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री योशीहिदे सुगा कहा कि चार देशों के इस ढांचे की रक्षा करना, हिंद-प्रशांत महासागर की शांति और सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने बताया कि जापान भारत को हर तरीके से यह संदेश भेजने की कोशिश कर रहा है। जब सुगा से पूछा गया कि क्वॉड के सदस्य भारत को रूस के युद्ध के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने के लिए मनाने में सफल क्यों नहीं हो सके हैं? तब टीवी एंकर के सवाल का जबाव देते सुगा ने कहा, ‘भारत शुरू से ही सबसे बड़ी चुनौती था।’

उन्होंने कहा कि भारत शुरुआत से ही क्वॉड को इंडो-पैसिफिक के लिए एक प्रमुख मंच के रूप में आगे बढ़ाने में दिलचस्पी नहीं रखता था। सुगा ने कहा, ‘लेकिन जापान के दृष्टिकोण से, भारत को क्वॉड में शामिल करना बेहद जरूरी था इसलिए हमने कई प्रयास करके भारत को क्वॉड में शामिल कराया।’ इसके साथ ही जापान के पूर्व प्रधानमंत्री ने भारत की रूस के प्रति स्थिति पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा, ‘चीन के साथ भारत के संबंध तनावपूर्ण हैं। भारत रूस को एक महत्वपूर्ण देश मानता है।’

Exit mobile version