News Room Post

Jiang Zemin’s Death : चीन की अर्थव्यवस्था को सुधारने वाले पूर्व राष्ट्रपति जियांग जेमिन का 96 वर्ष की उम्र में हुआ निधन

नई दिल्ली। चीन के पूर्व राष्ट्रपति रहे जियांग जेमिन का बुधवार को 96 साल की उम्र में देहांत हो गया है। इस बारे में जानकारी देते हुए समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने बताया कि आज दोपहर 12:13 बजे शंघाई में उन्होंने अंतिम सांस ली। वहीं समाचार एजेंसी रायटर के अनुसार, पूर्व राष्ट्रपति जियांग जेमिन ल्यूकेमिया बीमारी से पीड़ित थे और उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। जेमिन को चीन की अर्थव्यवस्था की मजबूती के लिए जाना जाता है, क्योंकि उनके नेतृत्व में ही चीन की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई थी। जियांग को हमेशा एक मेहनती नेता के रूप में देखा गया। उन्होंने चीन की कम्युनिस्ट पार्टी में मेहनत कर धीरे-धीरे जगह बनाई और तरक्की की। उसी दौर में कम्युनिस्टों ने सत्ता पर पकड़ बनाकर चीन को विश्व शक्ति के रूप में दुनिया भर में मान्यता दिलाई थी। गौरतलब है कि इस वक्त चीन में सरकार विरोधी आंदोलन चल रहे हैं ऐसे में उनकी मौत के बाद कई इलाकों में थोड़े सरकार के विरुद्ध संघर्ष थम गए हैं।

अगर पूर्व राष्ट्रपति जियांग जेमिन के शासनकाल की बात करें तो चीन के तियानमेन चौक पर 1989 में हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन के बाद जियांग जेमिन को चीन का नेतृत्व करने के लिए चुना गया था। वर्ष 1993 में उन्होंने चीन की सत्ता संभाली थी। इसके बाद उन्होंने दस वर्षों तक चीन की सत्ता का संचालन किया था। जियांग के शासन काल में चीन में कोई बड़ा प्रदर्शन नहीं हुआ था। यह संयोग ही है कि जिस तियानमेन चौक पर प्रदर्शन के बाद जियांग जेमिन ने चीन की सत्ता संभाली थी, अब उनके निधन के समय उसी चौक समेत चीन के अलग-अलग शहरों में भारी विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं।

इस तरह जिस तियानमेन चौक पर छात्रों के विरोध के बाद उनको राष्ट्रपति चुना गया था। उनकी मौत के समय भी उसी चौक पर विरोध प्रदर्शन जारी है। सरकार की कोरोना वायरस पॉलिसी को लेकर लोग लगातार सरकार के खिलाफ मुखर होकर अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं।

Exit mobile version