News Room Post

Blow To Fraudster: भगोड़े विजय माल्या को अब गंवाना होगा लंदन का मकान, स्विस बैंक से की थी धोखाधड़ी

लंदन। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया SBI और पंजाब नेशनल बैंक PNB समेत कई भारतीय बैंकों का हजारों करोड़ का कर्ज मारने वाले भगोड़े कारोबारी विजय माल्या के लिए नई मुश्किल खड़ी हो गई है। उसे अब लंदन के अपने मकान से बेदखल होना पड़ सकता है। लंदन हाईकोर्ट ने घर से बेदखल न करने की माल्या की अपील खारिज कर दी। स्विटजरलैंड के यूबीएस बैंक से भी माल्या ने रकम लेकर डकार ली थी। जिसके खिलाफ बैंक ने लंदन के कोर्ट का रुख किया था। बैंक के हक में माल्या का मकान कोर्ट ने दे दिया था। मकान खाली कराने के फैसले के खिलाफ विजय माल्या ने भी कोर्ट का रुख किया था, जहां से उसे तगड़ा झटका लगा है।

लंदन हाईकोर्ट के चांसरी डिविजन के जज मैथ्यू मार्श ने माल्या की अपील ठुकराते हुए कहा कि उसके परिवार को बकाया रकम के भुगतान के लिए ज्यादा समय देने का फिलहाल कोई आधार नहीं दिखता। बता दें कि माल्या को यूबीएस बैंक को 2.04 करोड़ पौंड का कर्ज लौटाना है। माल्या इस घर में अपनी 95 साल की मां के साथ रहता है। भारतीय बैंकों से कर्ज लेकर न लौटाने वाला विजय माल्या साल 2016 में लंदन भाग गया था। ब्रिटिश सरकार और कई कोर्ट से उसे भारत प्रत्यर्पित करने का आदेश हो चुका है, लेकिन वो भारत न आने के लिए ऊंची अदालतों में अपील पर अपील कर रहा है।

भारत में सुप्रीम कोर्ट तक माल्या की अपील ठुकरा चुका है। मुंबई की आर्थर रोड जेल में एक सेल उसके लिए तैयार रखा गया है। विजय माल्या ने अपनी एयरलाइंस कंपनी किंगफिशर के लिए बैंकों से करीब 9000 करोड़ रुपए का कर्ज लिया था। इसमें से एक भी पैसा उसने बैंकों को नहीं लौटाया। बाद में फरार भी हो गया। मोदी सरकार ने ब्रिटेन से माल्या के प्रत्यर्पण की मांग की थी। जिसे ब्रिटिश सरकार ने मंजूर कर लिया। तभी से माल्या कभी इस तो कभी उस कोर्ट के चक्कर लगाकर अपना प्रत्यर्पण टालने की भरसक कोशिश में जुटा है।

Exit mobile version