News Room Post

Gangster Goldie Brar Murdered : गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की अमेरिका में हत्या! पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड का था मास्टरमांइड

Gangster Goldie Brar Murdered : अमेरिकी न्यूज चैनल की तरफ से किए गए दावे में बताया गया कि गोल्डी की हत्या की जिम्मेदारी उसके विरोधी गैंग के डल्ला-लखबीर ने ली है। हालांकि इस संबंध में अभी तक अधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। गोल्डी बराड़ को गृह मंत्रालय की ओर से आतंकवादी घोषित किया जा चुका है।

नई दिल्ली। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के मास्टरमांइड गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ की अमेरिका में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। ये दावा एक अमेरिकी न्यूज चैनल की तरफ से किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गोल्डी की हत्या की जिम्मेदारी उसके विरोधी गैंग के डल्ला-लखबीर ने ली है। हालांकि इस संबंध में अभी तक अधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी लेने के बाद से गोल्डी बराड़ का नाम सुर्खियों में आ गया था। सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में पंजाब पुलिस के साथ अन्य राज्यों की पुलिस को भी गोल्डी बराड़ की तलाश थी। गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को भारतीय गृह मंत्रालय की ओर से आतंकवादी घोषित किया जा चुका है।

गृह मंत्रालय की ओर से गोल्डी के बारे में जानकारी दी गई थी कि उसका संबंध बाबर खालसा आतंकवादी संगठन से रहा है और उसने कई हत्याओं को अंजाम दिया है। इसके अतिरिक्त गोल्डी हथियारों की अवैध तस्करी समेत चरमपंथी गतिविधियों में भी शामिल रहा है। गोल्डी साल 2017 में छात्र वीज़ा पर कनाडा चला गया था। इंटरपोल सेक्रेटेरिएट जनरल, फ्रांस की ओर से गोल्डी बराड़ के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था।

गोल्डी के खिलाफ 15 जून 2022 को लुक आउट सर्कुलर भी जारी किया गया था। इसके बाद 12 दिसंबर 2022 को गोल्डी बराड़ के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी हुआ था। विदेश में रहकर भी उसने पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में आतंक मचा रखा था। फिरौती, वसूली और कई हत्याओं से उसका नाम जुड़ा रहा। मूलरूप से पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब के रहने वाले गोल्डी बराड़ का जन्म 11 अप्रैल 1994 को हुआ था। गोल्डी के पिता शमशेर सिंह पुलिस में कार्यरत थे। कहा जाता है कि गोल्डी का चचेरा भाई था गुरलाल बराड़, गोल्डी ने उसकी हत्या का बदला लेने के लिए अपराध का रास्ता चुना।

Exit mobile version