News Room Post

Pakistan: भूगोल ही नहीं, इमरान खान का गणित भी कमजोर, भारत की आबादी को बताया इतना, Video वायरल

Imran Khan

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पीएम इमरान खान का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वो भारत की जनसंख्या के बारे में बोलते दिख रहे हैं। इस वीडियो से साबित हो गया है कि इमरान खान का गणित भी कमजोर है। पहले वह अपने गलत भूगोल ज्ञान की वजह से चर्चा में आ चुके हैं। इमरान खान के इस ताजा वीडियो में वह भारत की जनसंख्या को 1 अरब 300 करोड़ बताते दिख रहे हैं। इमरान खान वीडियो में कह रहे हैं कि क्रिकेट में दो वर्ल्ड कप हैं। एक वन-डे और दूसरा टेस्ट क्रिकेट के। वीडियो में वह आगे कहते दिखते हैं कि 40 से 50 लाख की आबादी ने हिन्दुस्तान, जिसकी आबादी 1 अरब 300 करोड़ है, उन्हें टेस्ट क्रिकेट की चैंपियनशिप हरा दी। जनरल नॉलेज के मामले में इमरान कितने कमजोर हैं, यह साल 2019 में आए एक और वीडियो से पता चला था। ईरान दौरे पर गए इमरान ने तब जापान और जर्मनी को पड़ोसी देश बताया था।

पाकिस्तानी पीएम ने कहा था कि दूसरे विश्वयुद्ध के बाद जर्मनी और जापान के हजारों लोगों को जान गंवानी पड़ी थी, लेकिन कुछ साल बाद दोनों देशों ने सीमा पर संयुक्त व्यापार करने का फैसला किया था। जबकि, जापान एशिया और जर्मनी यूरोप का देश है और दोनों के बीच हजारों किलोमीटर की दूरी है। इमरान को उस बयान के लिए पाकिस्तान में ही आलोचना झेलनी पड़ी थी।

उस वक्त पाकिस्तान की पूर्व विदेश मंत्री हिना रब्बानी ने कहा था कि इमरान ने पाकिस्तान को मजाक का पात्र बना दिया है। अब भारत की जनसंख्या को 135 करोड़ की जगह 1 अरब 300 करोड़ बताने पर भी इमरान सोशल मीडिया में हंसी के पात्र बन रहे हैं। दरअसल, ऊटपटांग बयान देना पाकिस्तानी नेताओं की फितरत है। अगर बयान भारत के खिलाफ देना हो, तो वैसे भी वे आगे-पीछे कुछ सोचे बिना बोल देते हैं। इस बार का इमरान का बयान भी भारत विरोधी ही है, लेकिन हड़बड़ी में वह गणित की गड़बड़ी कर बैठे।

Exit mobile version