News Room Post

Ukraine Crisis: अब एक और भारतीय का यूक्रेन में हादसा, गोली लगने से घायल हुआ छात्र

firing

कीव। खारकीव में भारतीय छात्र की मौत के बाद एक और बुरी खबर अब यूक्रेन की राजधानी कीव से आ रही है। यहां एक भारतीय छात्र को गोली लगने की खबर है। गोली लगने से ये छात्र घायल हुआ है। उसे रेस्क्यू कर पोलैंड लाया जा रहा था। ये जानकारी मोदी सरकार में मंत्री और पूर्व सेना प्रमुख रिटायर्ड जनरल वीके सिंह ने ट्वीट कर दी है। भारतीय छात्र को कीव में गोली किसने मारी, ये जानकारी अभी नहीं मिली है। इससे पहले रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने दावा किया था कि यूक्रेन ने खारकीव में 3000 भारतीय छात्रों को बंधक बना लिया है। खारकीव में फंसे छात्रों ने भी कई ऐसे वीडियो ट्वीट किए थे, जिनसे पता चल रहा था कि यूक्रेनी सैनिक उन्हें ट्रेन में चढ़ने नहीं दे रहे हैं और हवाई फायरिंग कर धमका रहे हैं।

वहीं, रोमानिया की सीमा से भी ऐसे वीडियो आए थे, जिनमें भारतीय छात्रों को यूक्रेन के सुरक्षा गार्ड लातों से मारते दिखे थे। इसके बाद ही पीएम नरेंद्र मोदी ने छात्रों की सकुशल वापसी और उनसे ऐसी बदसलूकी रोकने के लिए अपने चार मंत्रियों ज्योतिरादित्य सिंधिया, वीके सिंह, हरदीप पुरी और किरेन रिजिजू को यूक्रेन के पड़ोसी चार देशों में भेजा है। ये मंत्री वहां भारतीय छात्रों की सकुशल वतन वापसी के काम की निगरानी कर रहे हैं। यूक्रेन में हालात काफी विषम हैं और रूस यहां ताबड़तोड़ हमले कर रहा है।

कल ही भारतीयों के लिए भारत के रक्षा मंत्रालय के विशेषज्ञों ने नई एडवायजरी जारी की थी। इस एडवायजरी में प्वॉइंट के जरिए बताया गया था कि भारतीयों को अपनी रक्षा के लिए क्या कदम उठाने चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए। इसमें बताया गया था कि भीड़ वाली जगह और यूक्रेनी सुरक्षा बलों के आसपास नहीं जाना चाहिए।

Exit mobile version