दमिश्क। क्या सीरिया के अपदस्थ राष्ट्रपति बशर अल-असद का विमान क्रैश हो गया है? ये शक इसलिए जताया जा रहा है क्योंकि अचानक बशर अल-असद का विमान रडार पर दिखना गायब हो गया। कहा जा रहा है कि जमीन से 500 मीटर ऊपर बशर अल-असद का विमान अचानक रडार पर दिखना बंद हो गया। इससे पहले खबर थी कि बशर अल-असद दमिश्क से किसी अज्ञात देश के लिए रवाना हुए हैं। उनके साथ सीरिया के रक्षा मंत्री भी थे। बशर अल-असद ने पहले ही परिवार के लोगों को रूस भेज दिया था। सीरिया में बशर अल-असद के परिवार का बीते 50 साल से शासन था। बशर अल-असद खुद पिछले 24 साल से सीरिया की सत्ता पर काबिज थे।
विद्रोहियों ने इससे पहले सीरिया की राजधानी दमिश्क पर कब्जा कर लिया था। शनिवार को विद्रोहियों ने होम्स शहर पर भी कब्जा कर लिया था। इसके अलावा विद्रोहियों ने दारा और अलेप्पो शहर भी अपने कब्जे में ले लिया। इस बीच, सीरिया के पीएम मोहम्मद गाजी जलाली ने कहा है कि वो शांतिपूर्ण तरीके से सीरिया का शासन विपक्ष को सौंपने के लिए तैयार हैं। सीरिया के पीएम जलाली ने कहा कि वो सीरिया से प्रेम करते हैं और उसे छोड़कर कहीं नहीं जाएंगे। जलाली ने सीरिया के लोगों से आग्रह किया है कि वे किसी भी सरकारी संपत्ति को नुकसान न पहुंचाएं। जलाली ने कहा है कि वो दफ्तर भी जाएंगे।
सीरिया में बीते करीब 13 महीने से विद्रोहियों ने बशर अल-असद की सरकार पर दबाव ज्यादा कर दिया था। सीरिया में बशर अल-असद की सरकार को बचाने के लिए रूस और ईरान ने बहुत कोशिश की, लेकिन विद्रोहियों ने एक के बाद एक शहर जीत लिए और होम्स को जब बशर अल-असद की सेना ने गंवा दिया, तो उनकी सत्ता के ताबूत में आखिरी कील लग गई। बशर अल-असद को वहां के लोग और विद्रोही तानाशाह कहते थे। बशर अल-असद के रिश्ते अमेरिका से भी अच्छे नहीं थे। पड़ोसी देश इजरायल से भी बशर अल-असद की अदावत काफी पुरानी थी। इसकी वजह ईरान से उनकी करीबी रही।