News Room Post

Know About Eric Garcetti: जानिए कौन हैं एरिक गारसेटी, जो भारत में बन सकते हैं अमेरिका के नए राजदूत

eric garcetti 2

वॉशिंगटन। अमेरिकी संसद की विदेश मामलों की समिति ने भारत में अमेरिका के राजदूत के तौर पर एरिक गारसेटी की नियुक्ति को 8 के मुकाबले 13 नामांकन दिए हैं। अब अमेरिकी संसद से इस बारे में प्रस्ताव पास होकर राष्ट्रपति जो बाइडेन के पास जाएगा। जिसके बाद एरिक गारसेटी भारत में अमेरिका के राजदूत का कामकाज संभालेंगे। एरिक गारसेटी 4 फरवरी 1971 को लॉस एंजेलेस में जन्मे थे। वो फोटोग्राफी, जैज पियानिस्ट और गीतों को कंपोज करते रहे हैं। अमेरिकी नौसेना में 2005 से 2013 तक एरिक गारसेटी लेफ्टिनेंट भी रहे हैं। उनकी पत्नी का नाम एमी एलीन है। एमी से गारसेटी ने 2009 में शादी की थी। गारसेटी दंपति ने एक बेटी को गोद लिया। इसके अलावा उन्होंने 7 अन्य बच्चों को भी पाला-पोसा है।

एरिक गारसेटी साल 2013 और 2017 में लॉस एंजेलेस के मेयर भी रह चुके हैं। 2006 से 2012 तक वो लॉस एंजेलेस सिटी काउंसिल के अध्यक्ष भी रहे हैं। राष्ट्रपति जो बाइडेन के करीबी गारसेटी उनके चुनाव अभियान की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। एरिक गारसेटी का नाम 2021 में भी भारत में अमेरिका के राजदूत के तौर पर प्रस्तावित किया गया था, लेकिन करीबी रिक जैकब्स के यौन उत्पीड़न में फंसने की वजह से विदेश संबंधी संसद की समिति से गारसेटी के नाम पर मुहर नहीं लग सकी थी। जैकब्स के विवाद के कारण जो बाइडेन उनको अपनी सरकार में भी शामिल नहीं कर सके थे।

एरिक गारसेटी उन चंद लोगों में शुमार हैं, जिनको राजनीतिक तौर पर जो बाइडेन की आंख और कान समझा जाता है। खास बात ये भी है कि गारसेटी कभी खुद को अमेरिकी राष्ट्रपति पद का दावेदार भी मानते रहे हैं। अमेरिका और भारत के बीच रिश्ते पिछले कई साल से बेहतर हुए हैं। अगर एरिक गारसेटी को भारत में राजदूत बनने का मौका मिलता है, तो उनको भारत-अमेरिकी संबंधों को आगे ले जाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभानी होगी।

Exit mobile version