News Room Post

UK General Election For House Of Commons: ब्रिटेन में आज आम चुनाव के लिए वोटिंग, मौजूदा पीएम ऋषि सुनक की कंजर्वेटिव पार्टी और कीर स्टार्मर की लेबर पार्टी में सरकार बनाने की जंग

UK General Election For House Of Commons: ब्रिटेन में संसद के निचले सदन हाउस ऑफ कॉमंस के सदस्यों को चुनने के लिए गुरुवार को आम चुनाव हो रहा है। हाउस ऑफ कॉमंस में 650 सीट हैं। सरकार बनाने के लिए 326 सीट बहुमत की संख्या है। पिछले 14 साल से ब्रिटेन में कंजर्वेटिव पार्टी का शासन है।

लंदन। ब्रिटेन में संसद के निचले सदन हाउस ऑफ कॉमंस के सदस्यों को चुनने के लिए गुरुवार को आम चुनाव हो रहा है। हाउस ऑफ कॉमंस में 650 सीट हैं। सरकार बनाने के लिए 326 सीट बहुमत की संख्या है। ब्रिटेन के आम चुनाव में मुख्य तौर पर मौजूदा पीएम ऋषि सुनक की कंजर्वेटिव पार्टी और कीर स्टार्मर विपक्षी लेबर पार्टी में मुकाबला है।

ब्रिटेन में चुनाव पूर्व सर्वे में लेबर पार्टी की जीत का दावा किया गया है। ब्रिटेन में 6.7 करोड़ लोग स्थानीय समय के अनुसार सुबह 7 से रात 10 बजे तक वोट देंगे। ब्रिटेन में 18 साल की उम्र में वोट दिया जा सकता है। पीएम ऋषि सुनक ने 22 मई को कहा था कि 4 जुलाई को आम चुनाव होंगे। इसके बाद 30 मई को उन्होंने संसद को भंग कर दिया था। ब्रिटेन के आम चुनाव में 392 पार्टियों के उम्मीदवार उतरे हैं। ऋषि सुनक 18 महीने पहले पीएम बने थे। उनकी कंजर्वेटिव पार्टी 14 साल से ब्रिटेन में शासन कर रही है। ब्रिटेन में मतदान खत्म होने के बाद ही वोटों की गिनती शुरू होगी। शुक्रवार दोपहर तक साफ हो जाएगा कि किस पार्टी की सरकार बनने जा रही है। चुनाव पूर्व सर्वे में लेबर पार्टी को 425 सीटें जीतते बताया गया है। जबकि, कंजर्वेटिव पार्टी को 108 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है।

ब्रिटिश संसद का हाउस ऑफ कॉमंस। इसकी 650 सीटों के लिए आज आम चुनाव हो रहा है।

लेबर पार्टी की तरफ से कीर स्टार्मर पीएम पद के दावेदार हैं। कीर स्टार्मर को 2020 में लेबर पार्टी का अध्यक्ष चुना गया था। इसके ठीक बाद हुए चुनाव में लेबर पार्टी बुरी तरह हारी थी। कीर स्टार्मर की उम्र 61 साल है और उन्होंने दावा किया है कि ऋषि सुनक की कंजर्वेटिव पार्टी को शिकस्त देकर लेबर पार्टी की सरकार बनाएंगे। बता दें कि ब्रिटेन में कंजर्वेटिव पार्टी ने बीते 8 साल में 5 पीएम बदले। अब देखना है कि लेबर पार्टी को जीत मिलती है या ऋषि सुनक एक बार फिर ब्रिटेन के पीएम बनते हैं।

Exit mobile version