News Room Post

Earthquake In Turkiye: 6.02 तीव्रता के भूकंप से थर्राए तुर्किए की राजधानी इस्तांबुल और आसपास के इलाके, 2023 में भी गई थी हजारों लोगों की जान

Earthquake In Turkiye: भूकंप के बाद तुर्किए के राष्ट्रपति रेसेप तैयप अर्दोआं ने कहा कि वो घटना पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने सभी नागरिकों के कुशल होने की कामना की। तुर्किए के गृह मंत्री अली येरलिकाया ने बताया कि इस तेज भूकंप का केंद्र इस्तांबुल के पास मरमरा सागर में था।

इस्तांबुल। तुर्किए में जोरदार भूकंप के झटके लगे हैं। रिक्टर पैमाने पर 6.02 तीव्रता के भूकंप से तुर्किए की राजधानी इस्तांबुल और आसपास के इलाकों में लोगों में डर पसर गया। भूकंप का केंद्र जमीन के नीचे 10 किलोमीटर पर था। खबर लिखे जाने तक तुर्किए में आए तेज भूकंप से किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। भूकंप के बाद तुर्किए के राष्ट्रपति रेसेप तैयप अर्दोआं ने कहा कि वो घटना पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने सभी नागरिकों के कुशल होने की कामना की। तुर्किए के गृह मंत्री अली येरलिकाया ने बताया कि इस तेज भूकंप का केंद्र इस्तांबुल के पास मरमरा सागर में था।

अली येरलिकाया के मुताबिक आपदा प्रबंधन और अन्य संस्थानों की टीमें भूकंप से हुए किसी भी नुकसान का जायजा ले रही हैं। तुर्किए के गृह मंत्री ने भी सभी नागरिकों के कुशल होने की कामना की। उन्होंने कहा कि ईश्वर तुर्किए को आपदाओं से बचाए। तुर्किए में आपदा प्रबंधन देखने वाली एएफएडी ने लोगों से कहा है कि वे किसी भी क्षतिग्रस्त भवन में न जाएं। इसके अलावा जोखिम वाली इमारतों से भी लोगों को दूर रहने के लिए कहा गया। एएफएडी ने कहा कि तुर्किए के भूकंप प्रभावित इलाके के लोग अधिकारियों की ओर से दी गई चेतावनी को ध्यान में रखें। साथ ही एसएमएस और अन्य मैसेजिंग एप के जरिए संपर्क करने के लिए भी कहा गया है।

इससे पहले साल 2023 में भी तुर्किए में प्रलयंकारी भूकंप आया था। 6 फरवरी को आए उस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7.8 थी। इसके बाद भूकंप का एक और जबरदस्त झटका आया था। इन दोनों भूकंप से तुर्किए के दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी इलाकों में बड़ी तबाही हुई थी। 2023 के भूकंप से तुर्किए के 11 प्रांतों में हजारों इमारतें जमींदोज हो गई थीं। उस भूकंप में तुर्किए के 50 हजार से ज्यादा लोग मार गए थे। तुर्किए के अलावा सीरिया में भी हजारों लोगों की जान उस भूकंप ने ली थी।

Exit mobile version