News Room Post

Modi In Hiroshima: जापान के हिरोशिमा में परमाणु बम हमले की जगह पहुंचे पीएम मोदी, जानिए कैसा बरपा था इस शहर पर कहर

modi at hiroshima memorial

हिरोशिमा। पीएम नरेंद्र मोदी जापान के दौरे पर हैं। वो जापान के हिरोशिमा में हो रही जी-7 देशों की बैठक में विशिष्ट अतिथि के तौर पर हिस्सा ले रहे हैं। इस बैठक से अलग तमाम और कार्यक्रमों में भी मोदी हिस्सा ले रहे हैं। शनिवार को उन्होंने दुनिया के अन्य देशों के नेताओं से भी मुलाकात की। आज सुबह मोदी अन्य नेताओं और जापानी पीएम फुमियो किशिदा के साथ हिरोशिमा पीस मेमोरियल पार्क पहुंचे। ये वो जगह है, जहां दुनिया का सबसे पहला परमाणु बम गिराया गया था। उस बम से 70000 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी और पूरा शहर खंडहर बन गया था। पीएम मोदी ने यहां पहले परमाणु बम हमले में मारे गए लोगों को याद किया और उनको श्रद्धांजलि दी।

हिरोशिमा पर 6 अगस्त 1945 को परमाणु हमला हुआ था। उस वक्त जापान दूसरा विश्व युद्ध लड़ रहा था। जर्मनी और इटली के सरेंडर के बाद भी जापान लगातार अमेरिका और उसके मित्र देशों से जंग लड़ने से रुक नहीं रहा था। ऐसे में अमेरिका ने जापान को हतोत्साहित करने के लिए परमाणु बम से हमला करने का फैसला किया। अमेरिकी वायुसेना के विमान ‘इनोला गे’ से हिरोशिमा पर ‘लिटिल मैन’ नाम का परमाणु बम गिराया गया। सुबह ठीक 8.15 मिनट पर हिरोशिमा शहर के ठीक बीच करीब 800 मीटर ऊंचाई पर ये बम फटा, तो चारों तरफ विनाश हो गया। शहर में चंद इमारतों को छोड़कर हर चीज मिट्टी में मिल गई। परमाणु बम फटने से इतनी गर्मी निकली कि लोग भाप बन गए। हालांकि, जापान ने तेजी से फिर इस शहर को खड़ा कर दिया। आज हिरोशिमा जापान में औद्योगिक उत्पादन का गढ़ बन गया है।

परमाणु बम के हमले के बाद हिरोशिमा में ऐसा था विध्वंस का नजारा।

बात करें पीएम मोदी की, तो वो जापान की यात्रा के बाद दो और देशों के दौरे पर जाएंगे। पहले वो पापुआ न्यू गिनी पहुंचेंगे। वहां भारत के साथ सहयोग बढ़ाने पर मोदी चर्चा करेंगे। इसके बाद मोदी का कार्यक्रम ऑस्ट्रेलिया जाने का है। वो हिरोशिमा में ऑस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्बनीस से मिल चुके हैं। एक बार फिर मोदी और अल्बनीस की मुलाकात होगी। दोनों के बीच हिंद महासागर-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग और भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच रिश्तों को और मजबूत करने पर बात होगी।

Exit mobile version