News Room Post

Modi Meets Biden: व्हाइट हाउस में जो बाइडेन के गर्मजोशी भरे स्वागत से पीएम मोदी अभिभूत, धन्यवाद देकर बोले…

modi joe biden jill biden

वॉशिंगटन। पीएम नरेंद्र मोदी अपने अमेरिका दौरे में राजधानी वॉशिंगटन में हैं। वॉशिंगटन में अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन और उनकी पत्नी जिल बाइडेन ने व्हाइट हाउस में मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। मोदी और जो बाइडेन के बीच औपचारिक बातचीत हुई। आज शाम पीएम मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन के बीच आधिकारिक बातचीत होगी। पीएम मोदी का राजकीय सम्मान से स्वागत होगा। मोदी को अमेरिका 21 तोपों की सलामी भी देगा। इसके बाद व्हाइट हाउस में मोदी और बाइडेन के साथ द्विपक्षीय बातचीत होगी। जिसके बाद जिल बाइडेन की तरफ से मोदी को स्टेट डिनर दिया जाएगा।

मोदी के व्हाइट हाउस पहुंचने पर जो बाइडेन और उनकी पत्नी जिल ने विंटेज अमेरिकी कैमरा, 20वीं सदी की एक प्राचीन बुक गैलरी, रॉबर्ट फ्रॉस्ट की कविताओं के संग्रह का संस्करण और अमेरिका में वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी की किताब भेंट में दी। वहीं, मोदी ने बाइडेन दंपति को उपनिषद की प्रति पंजाब का घी, राजस्थान में बना 24 कैरेट का सोने का सिक्का, महाराष्ट्र का गुड़, उत्तराखंड का चावल, गुजरात का नमक, कर्नाटक का चंदन का टुकड़ा, तमिलनाडु का तिल, पश्चिम बंगाल के कारीगरों का बनाया चांदी का नारियल, प्रयोगशाला में बना हरे रंग का हीरा और भगवान गणेश की मूर्ति गिफ्ट की।

जो बाइडेन और उनकी पत्नी जिल की तरफ से शानदार स्वागत के लिए पीएम मोदी ने उनको धन्यवाद दिया है। मोदी ने कहा कि जो बाइडेन और जिल बाइडेन को व्हाइट हाउस में आज मेरी मेजबानी के लिए धन्यवाद। मोदी ने ये भी बताया है कि उनके बीच कई विषयों पर सार्थक बातचीत हुई है। मोदी को अमेरिका की उप राष्ट्रपति कमला हैरिस भी भोज देने वाली हैं। इसके अलावा मोदी को अमेरिकी संसद यानी कांग्रेस की संयुक्त बैठक को भी संबोधित करना है। अमेरिका की संसद के दोनों सदनों को दूसरी बार मोदी संबोधित करेंगे। ये उपलब्धि हासिल करने वाले वो भारत के पहले पीएम हैं।

Exit mobile version